Home / राजधानी / *ठग ने आधा-नोट का झांसा देकर उड़ा लिए 35 लाख*

*ठग ने आधा-नोट का झांसा देकर उड़ा लिए 35 लाख*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) रायपुर में प्लाईवुड कंपनी के कर्मचारी से 35 लाख रुपए की ठगी हुई है। आरोपी ‘आधा नोट’ ट्रिक का इस्तेमाल कर हवाला की रकम लेकर भाग गए। जब कर्मचारी ने अपने मालिक को नोट की फोटो खींचकर भेजा, तो नंबर फर्जी निकले।

वारदात की शिकायत के बाद पुलिस में केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। वहीं, हवाला एंगल सामने आने के बाद इनकम टैक्स विभाग ने भी पैसों के सोर्स की जांच शुरू कर दी है। रायपुर में हर दिन 30 करोड़ का हवाला कारोबार हो रहा है। घटना तेलीबांधा थाना इलाके की है।

जानकारी के मुताबिक, मूलतः मुंबई निवासी करण शर्मा एक प्लाईवुड फैक्ट्री में काम करता है। अपने मालिक व्यापारी कनक राम के कहने पर 11 अप्रैल को रायपुर पहुंचा था। उसके मालिक का हवाला कारोबार भी बताया जा रहा है। करण को रायपुर में एक व्यापारी से 35 लाख रुपए कैश लेना था। जिसे बाद में दूसरे व्यक्ति तक पहुंचाना था।

करण तय स्थान पर पहुंचा, जहां पहले व्यापारी ने आधा नोट दिखाया। नोट के सीरियल नंबर मिलान करने के बाद उसने 35 लाख रुपए ले लिए। इसके बाद उसने अपने मालिक को इसकी जानकारी दी। मालिक ने उसे वहीं रुकने को कहा और बताया कि यह पैसे दूसरे व्यापारी को देना है।

पहले सौदे में असली नोट, दूसरे में निकला फर्जी

कुछ ही देर बाद करण के पास दूसरे व्यापारी का फोन नंबर और नोट का सीरियल नंबर आया। उसने फोन किया तो उसे वीआईपी तिराहा स्थित श्रीराम मंदिर के पास बुलाया गया। वहां एक व्यक्ति ने उसे आधा नोट दिखाया। सीरियल नंबर मैच करने के बाद करण ने बिना शक किए 35 लाख रुपए उसे दे दिए।

जब करण ने उस आधे नोट की फोटो खींचकर अपने मालिक को भेजा, तब पता चला कि, नोट का नंबर फर्जी है। वह असली सौदे से मेल नहीं खाता है। इसके बाद करण को समझ आया कि, वह ठगी का शिकार हो चुका है।

थाने में शिकायत, CCTV में दिखा संदिग्ध

पीड़ित ने घटना की शिकायत तेलीबांधा थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में एक संदिग्ध कैद हुआ है। साथ ही जिस मोबाइल नंबर से संपर्क किया गया था, उसके आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

IT विभाग भी करेगी जांच

पुलिस ने हवाला कारोबारी के साथ हुई घटना की जानकारी इनकम टैक्स विभाग को भी दी है। आईटी विभाग ने पैसों की सोर्स को लेकर जांच शुरू कर दी है। लेन-देन से जुड़ी जानकारी भी व्यापारी से मांगी गई है।

रायपुर में हर दिन 30 करोड़ का हवाला

हवाला कारोबारी से जुड़े लोगों के अनुसार, रायपुर में हर दिन 30 करोड़ का हवाला कारोबार हो रहा है। रायपुर से मुंबई-झारखंड पैसे भेजने की डिमांड ज्यादा है। इस पैसे को भेजने के एवज में 1 लाख रुपए (एक पेटी) भेजने पर 1500 से 2000 रुपए कमीशन फिक्स है।

हवाला का कारोबार रायपुर से विदेशों तक हो रहा है। हवाला कारोबार से जुड़े लोग दुबई, श्रीलंका और नेपाल में भी पैसे ट्रांसफर करने का दावा भी करते हैं।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page