Home / राजधानी / *रायपुर में प्रवेशोत्सव के दौरान मारपीट, दो घायल*

*रायपुर में प्रवेशोत्सव के दौरान मारपीट, दो घायल*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

रायपुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) राजधानी रायपुर के रायपुरा स्थित गिरजाशंकर स्कूल में शुक्रवार को आयोजित शाला प्रवेशोत्सव का कार्यक्रम विवादों के घेरे में आ गया। कार्यक्रम के दौरान ऑडिटोरियम के उपयोग की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। विवाद इतना बढ़ गया कि कार्यकर्ताओं ने स्कूल का मुख्य गेट तोड़कर परिसर में जबरन प्रवेश कर लिया और वहां मौजूद शिक्षकों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। इस घटना में एक महिला और एक पुरुष शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

हंगामे के समय स्कूल में छात्र-छात्राओं के साथ ही अभिभावक और स्थानीय विधायक राजेश मूणत भी मौजूद थे। बताया गया है कि एक दिन पहले गुरुवार को भी कार्यकर्ता ऑडिटोरियम की मांग को लेकर पहुंचे थे, लेकिन प्रिंसिपल ने ऑडिटोरियम का हैंडओवर न होने का हवाला देते हुए इसे देने में असमर्थता जताई थी। उसी विवाद के चलते शुक्रवार को 15 से 20 कार्यकर्ताओं ने पुनः स्कूल पहुंचकर प्रिंसिपल के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

मूणत समझाने मंच से उतरे, कार्यकर्ता अड़े रहे जिद पर

हालात तब और बिगड़ गए जब नारेबाजी के बीच विधायक राजेश मूणत स्वयं स्टेज से उतरकर कार्यकर्ताओं को समझाने पहुंचे। उन्होंने शांति बनाए रखने की अपील की, लेकिन कार्यकर्ता अपनी जिद पर अड़े रहे। मौके पर मौजूद पुलिस बल के प्रयासों को भी कार्यकर्ताओं ने नजरअंदाज कर दिया और जबरन अंदर घुस गए, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस हाथापाई के कारण शाला प्रवेशोत्सव का कार्यक्रम भी कुछ देर के लिए बाधित रहा।

पांच नामजद समेत 10-12 पर एफआईआर

स्कूल परिसर में घुसकर नारेबाजी, शिक्षकों से धक्का-मुक्की, मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में डीडी नगर थाना पुलिस ने पांच नामजद सहित 10 से 12 अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया है। कार्रवाई विद्यालय की प्राचार्य वीना शर्मा की शिकायत के आधार पर हुई है। शिकायत के अनुसार सुजल गुप्ता, संकल्प राजकमल, आशीष सिन्हा, मन साहू, मोक्ष कुमार अपने 10-12 साथियों के साथ स्कूल परिसर में घुस आए और ऑडिटोरियम की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी।

अग्निशमन उपकरण उखाड़ कर ले जाने से रोका तो विवाद

प्राचार्य ने आरोप लगाया कि हंगामे के दौरान कुछ लोग स्कूल भवन में लगे अग्निशमन यंत्र को उखाड़कर ले जाने लगे। जब व्याख्याता डॉ. सवा कुरैशी, हेमंत तिवारी और भृत्य शेख अजीम सिद्दीकी ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपितों ने शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। महिला कर्मचारियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया तथा बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य कर्मचारियों को गालियां देते हुए जान से देखने की धमकी दी गई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे

घायल शिक्षकों की औपचारिक शिकायत पर पुलिस ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जा सके। इस घटना ने स्कूल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page