रायपुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) राजधानी के खमतराई इलाके में शुक्रवार रात ट्रांसपोर्ट कारोबारी प्रतीक राय के अपहरण का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि रांवाभाठा के डीएम टावर के पास काले रंग की स्कॉर्पियो से तीन युवक पहुंचे थे। उन्होंने कारोबारी को बातचीत के बहाने बाहर बुलाया और जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि ट्रक के पैसों को लेकर विवाद था। घटना के बाद पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने देर रात कारोबारी को बरामद कर लिया। मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब अपहरण की वजह और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
अब जानिए पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक, वारदात शुक्रवार रात करीब 9 बजे रांवाभाठा के डीएम टावर के पास हुई। ट्रांसपोर्ट कारोबारी प्रतीक राय अपने फ्लैट में थे। इसी दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो उनके भवन के बाहर आकर रुकी। इसमें तीन युवक सवार थे।
तीनों युवक प्रतीक के फ्लैट पर पहुंचे और जरूरी बात करने की बात कहकर उन्हें नीचे बुलाया। प्रतीक उनके साथ नीचे आए और कुछ देर तक बातचीत हुई। इसके बाद युवकों ने उन्हें पकड़ लिया और जबरन स्कॉर्पियो में बैठाकर वहां से फरार हो गए।
पत्नी की शिकायत पर केस दर्ज
घटना के बाद प्रतीक का मोबाइल बंद हो गया। पति के अचानक लापता होने से परेशान पत्नी अनिता राय ने खमतराई थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
परिवार के मुताबिक, अपहरण के बाद फिरौती के लिए कोई फोन नहीं आया।
कारोबारी देर रात बरामद
जांच में कॉलोनी के एक युवक ने पुलिस को बताया कि उसने स्कार्पियो सवार युवकों में से दो के मोबाइल नंबर पता हैं। पुलिस ने इन नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और टावर लोकेशन की जांच शुरू की।
इसके साथ ही डीएम टावर और आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। पुलिस ने इसी जांच के आधार पर कारोबारी को देर रात बरामद कर लिया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ट्रक के पैसों के लेनदेन पर विवाद
बताया जा रहा है कि मामला ट्रक के पैसों के लेनदेन से जुड़े विवाद का है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है।






