Home / राजधानी / *सड़क हादसों में 3 की मौत, पुलिसकर्मी समेत दो की गई जान*

*सड़क हादसों में 3 की मौत, पुलिसकर्मी समेत दो की गई जान*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़)  रायपुर के खरोरा इलाके में देर रात कार और ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पुलिसकर्मी समेत 2 लोगों की मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट किया गया है। हादसे के बाद ट्रैक्टर ड्राइवर भाग निकला।

वहीं, बिलासपुर में तेज रफ्तार स्कूटी ने सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को टक्कर मार दी, जिससे बुजुर्ग सिर के बल सड़क पर गिर गया। घायल बुजुर्ग ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद स्कूटी सवार दोनों लोग मौके से भाग गए। जिसका CCTV फुटेज भी सामने आया है। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है।

केस- 1 खरोरा में कार और ट्रैक्टर की भिड़ंत

पहली घटना रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, कार में पुलिसकर्मी कमलेश वर्मा, रूपेश निषाद और गोपी सवार थे। तीनों तर्रा गांव के रहने वाले थे और खरोरा से रायपुर की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान बंगोली गांव के पास उनकी कार ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार कमलेश वर्मा और रूपेश निषाद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गोपी गंभीर रूप से घायल हो गया और कार में फंसा रहा।

अस्पताल में घायल का इलाज जारी

मौके पर पहुंचे लोगों ने घायल को बाहर निकाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी। उसे लक्ष्मीनारायण अस्पताल, दौंदेकला में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।

सिलतरा थाने में पदस्थ था पुलिसकर्मी

खरोरा थाना पुलिस ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाला पुलिसकर्मी सिलतरा थाने में पदस्थ था। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।

केस- 2 बिलासपुर में स्कूटी सवार ने बुजुर्ग को मारी टक्कर

दूसरी घटना बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र की है। दरअसल, नूतन चौक स्थित अटल आवास में रहने वाला धांधू कुर्मी (65) शुक्रवार दोपहर करीब पौने 2 बजे ऑटो से नूतन चौक पहुंचा था। ऑटो से उतरने के बाद वह सड़क पार कर रहा था।

इसी दौरान सामने से आ रही स्कूटी ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बुजुर्ग घसीटते हुए सिर के बल सड़क पर गिर गया। हादसे में वह बुरी तरह घायल हो गया।

इलाज के दौरान अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आसपास के लोगों ने घायल बुजुर्ग को तत्काल सिम्स पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे में बुजुर्ग के सिर पर गंभीर चोट लगी थी। आज (शनिवार) उनके शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।

हादसे के बाद भाग निकले स्कूटी सवार

हादसे के बाद स्कूटी सवार युवक घायल बुजुर्ग को सड़क पर छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन स्कूटी की पहचान नहीं हो पाई है।

टीआई प्रदीप आर्या ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर स्कूटी और उस पर सवार युवकों की तलाश की जा रही है।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page