अंबिकापुर :(सियासत दर्पण न्यूज़) शहर के शीतला वार्ड निवासी मुकेश यादव(28) ने पत्नी को फोन पर आत्महत्या करने की बात कहने के बाद घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। स्वजन जब तक उसे अस्पताल ले जाते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पारिवारिक विवाद को आत्महत्या का कारण बताया जा रहा है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। जानकारी के अनुसार मुकेश यादव की पत्नी पिछले एक महीने से अपने मायके में रह रही थी। मुकेश ने कई बार प्रयास किया की पत्नी वापस लौट आए लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
दशहरे की रात लगभग सात से आठ बजे के बीच मुकेश ने पत्नी को फोन किया और कहा कि वह आत्महत्या करने जा रहा है। यह सुनकर पत्नी घबरा गई और उसने तुरंत अपने रिश्तेदारों को इसकी जानकारी दी।पत्नी के रिश्तेदारों ने मुकेश की भतीजी को फोन किया और भतीजी ने तुरंत मुकेश के पिता को पूरी बात बताई।
पिता घबराए हुए जब घर पहुंचे तो देखा कि घर के अंदर का दरवाजा बंद था। अनहोनी की आशंका से उन्होंने खिड़की के रास्ते अंदर झांका तो उनका बेटा फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। स्वजन ने तुरंत उसे फंदे से नीचे उतारा और मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस,स्वजन और पत्नी से पूछताछ कर जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।






