रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) रायपुर नगर निगम शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने और राजस्व वसूली बढ़ाने पर जोर देगा। आयुक्त संबित मिश्रा ने साप्ताहिक टीएल बैठक में अधिकारियों को सफाई से जुड़ी शिकायतों का जल्द निराकरण करने और तय लक्ष्य के मुताबिक टैक्स वसूली के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बड़े बकायादारों से नियमानुसार सख्ती से वसूली की जाए।
बैठक में आयुक्त ने चालू वित्त वर्ष का संपत्तिकर 31 दिसंबर 2026 तक पूरा जमा करने वाले करदाताओं को नियमानुसार 4% छूट का लाभ अधिक से अधिक संख्या में दिलाने के निर्देश भी दिए। इसके लिए सभी जोन कमिश्नरों और सहायक राजस्व अधिकारियों को वसूली की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया है।
अवैध नल कनेक्शन नियमित होंगे
आयुक्त ने अवैध नल कनेक्शनों को नियमानुसार अर्थदंड लेकर नियमित करने और संबंधित लोगों से जलकर वसूलने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नामांतरण के मामलों का तय समयसीमा में निराकरण करने को कहा। बैठक में नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की ई-चालान कार्रवाई की भी समीक्षा की गई।
सफाई से पहले और बाद की तस्वीरें देखीं
शहर की सफाई व्यवस्था की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने सफाई से जुड़ी शिकायतों और उनके निराकरण की जानकारी ली। उन्होंने सफाई से पहले और बाद की तस्वीरें भी देखीं। साथ ही, जोन कमिश्नरों को सफाई कार्यों पर प्राथमिकता से ध्यान देने और व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए।
त्योहार से पहले दुरुस्त होगी स्ट्रीट लाइट
आयुक्त ने त्योहार से पहले शहर की लाइट व्यवस्था ठीक करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध प्लॉटिंग, अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के मामलों में नियमों के अनुसार कार्रवाई करने को कहा।
जिन निर्माणों को नियमानुसार समझौता कर वैध किया जा सकता है, उनमें तय प्रक्रिया अपनाई जाएगी। वहीं, जिन मामलों में समझौते का प्रावधान नहीं है, उनमें नियमों के तहत निर्माण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
आवास योजनाओं के काम जल्द पूरे करने के निर्देश
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकानों के निर्माण और मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। आयुक्त ने काम की गति बनाए रखने और अधूरे कार्य जल्द पूरे करने को कहा।
उन्होंने शहर में अधिक से अधिक जगहों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने और इनका उचित रखरखाव करने वाले संस्थानों व लोगों को प्रोत्साहित करने के निर्देश भी दिए।
जनशिकायतों का तय समय में निराकरण करें
आयुक्त ने सीएम हेल्पलाइन, कलेक्टर जनदर्शन, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से मिली शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतें तय समयसीमा के भीतर हल की जाएं।
बैठक नगर निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन के तीसरे तल स्थित सभाकक्ष में हुई। इसमें अपर आयुक्त, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, उपायुक्त, जोन कमिश्नर और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






