गणेश तिवारी की खबर
समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान पर राज्य अलंकरण सम्मान 2026 से हुई सम्मानित
कांकेर,,सियासत दर्पण न्यूज़, छत्तीसगढ़ राज्य अलंकरण सम्मान 2026 के अंतर्गत कांकेर की बुलबुल बैद्या को समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान हेतु प्रतिष्ठित माता बहादुर कलारिन सम्मान से सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूरे मंत्रिमंडल के सामने राज्योत्सव मंच पर बुलबुल बैद्या को यह सम्मान प्रदान किया। सम्मान मिलने की खबर से कांकेर जिले में हर्ष का माहौल है।
वर्षों के समर्पण और सेवाभाव का मिला गौरवपूर्ण प्रतीक
यह सम्मान उनके वर्षों के समर्पण, सेवाभाव और समाज के प्रति अतुलनीय योगदान का गौरवपूर्ण प्रतीक है। बुलबुल बैद्या ने समाज सेवा के क्षेत्र में लंबे समय से लगातार काम किया है। जरूरतमंदों की मदद, महिलाओं के सशक्तिकरण और समाज के वंचित वर्गों के लिए किए गए उनके कार्यों को राज्य स्तर पर सराहा गया है।
2 लाख रुपये की सम्मान राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया

माता बहादुर कलारिन सम्मान के अंतर्गत बुलबुल बैद्या को 2 लाख रुपये की सम्मान राशि, बैंक डीडी, चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। संचालनालय महिला एवं बाल विकास छत्तीसगढ़, नवा रायपुर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया था। बुलबुल बैद्या, पता पी-37, उदय नगर कॉलोनी कांकेर, जिला कांकेर को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित किया गया था।
एस्कॉर्ट अधिकारी के साथ पहुंची राज्योत्सव स्थल
सम्मान समारोह के लिए रीना लारिया, जिला बाल संरक्षण अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, जिला कांकेर को एस्कॉर्ट अधिकारी नामांकित किया गया था। एस्कॉर्ट अधिकारी की व्यवस्था में बुलबुल बैद्या को राज्योत्सव स्थल तक लाया गया और सम्मान के बाद वापस पहुंचाया गया। नोडल अधिकारी ममता भगत, सहायक संचालक एवं संस्कृति विभाग के अधिकारियों के समन्वय से पास एवं अन्य आवश्यक व्यवस्था की गई।
जिले में हर्ष, बधाइयों का तांता लगा
बुलबुल बैद्या को राज्य अलंकरण सम्मान मिलने पर कांकेर जिले में हर्ष का माहौल है। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और शहर के लोगों ने बुलबुल बैद्या को बधाई दी। लोगों का कहना है कि बुलबुल बैद्या का सम्मान कांकेर जिले की सभी महिलाओं के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।






