Home / राजधानी / *कपड़ों में छिपाकर जेल ले जा रहे थे गांजा-मोबाइल*

*कपड़ों में छिपाकर जेल ले जा रहे थे गांजा-मोबाइल*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़)  रायपुर केंद्रीय जेल में बंदियों के रिश्तेदारों और परिचितों के जरिए कपड़ों में छिपाकर मादक पदार्थ जेल के अंदर पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। इसके अलावा बंदियों तक मोबाइल फोन पहुंचाने के भी प्रयास किए जा रहे हैं।

इसे देखते हुए जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है। अब पेशी से लौटने वाले बंदियों, उनसे मिलने आने वाले परिजनों, जेल में प्रवेश करने वाले वाहनों और ड्यूटी पर आने-जाने वाले कर्मचारियों की भी तलाशी ली जाएगी।

हालांकि, तलाशी की यह प्रक्रिया पहले से लागू है, लेकिन अब इसका सख्ती से पालन कराया जाएगा। जेल अधीक्षक ने 5 नवंबर को इस संबंध में आदेश जारी किया है। इसमें सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सुरक्षा जांच में किसी तरह की लापरवाही न बरतें।

मुलाकात कक्ष में परिजनों और सामान की जांच होगी

जारी आदेश के मुताबिक, बंदियों से मिलने आने वाले परिजनों और परिचितों की जेल के भीतर प्रवेश से पहले सघन तलाशी ली जाएगी। वे बंदियों को जो सामान देने के लिए लाएंगे, उसकी भी मुलाकात कक्ष में जांच होगी।

इसके अलावा पेशी के लिए जेल से बाहर जाने और वापस आने वाले बंदियों की भी सघन तलाशी लेने के निर्देश दिए गए हैं।

जेल में आने वाले वाहनों की दो स्तर पर जांच

जेल के अंदर आने वाले सभी वाहनों की पहले गार्ड इंचार्ज जांच करेंगे। इसके बाद मेन गेट पर तैनात गेट कीपर, मुख्य प्रहरी और प्रहरी भी वाहन के साथ चालक की बारीकी से तलाशी लेंगे। जांच पूरी होने के बाद ही वाहन को जेल के अंदर प्रवेश दिया जाएगा।

बैरकों की नियमित जांच, कर्मचारियों की भी तलाशी

आदेश में बंदियों की बैरकों और उनके सामान की नियमित रूप से सघन तलाशी लेने को कहा गया है। जेल के अंदरूनी हिस्सों का भी नियमित निरीक्षण किया जाएगा।

खास बात यह है कि जेल की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात मुख्य प्रहरी और अन्य सिविल कर्मचारियों को भी जेल गेट पर आने और जाने के दौरान तलाशी से गुजरना होगा।

प्रतिबंधित सामान मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना

जेल प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि तलाशी के दौरान किसी भी तरह की प्रतिबंधित सामग्री मिलने या जब्त होने पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी जाए। उप जेल अधीक्षक को इन सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी दी गई है।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page