रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर छात्रावासों और आश्रमों में रहने वाले बच्चों के मेस भत्ते में बढ़ोतरी की मांग की है। उन्होंने कहा है कि पिछले तीन साल से बच्चों के भोजन और नाश्ते के लिए तय राशि में कोई वृद्धि नहीं हुई है, जबकि इस दौरान खाद्य सामग्री की कीमतें काफी बढ़ गई हैं। ऐसे में मौजूदा राशि में बच्चों को पौष्टिक और संतुलित भोजन उपलब्ध कराना मुश्किल हो रहा है।

छात्रावास अधीक्षकों के परिवारों के लिए अलग आवास बनाने की मांग
सिंहदेव ने छात्रावास अधीक्षकों की कामकाज से जुड़ी परेशानियों का भी जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि अधीक्षकों को 24 घंटे ड्यूटी करनी पड़ती है। उन्हें न तो पर्याप्त छुट्टी मिलती है और न ही छात्रावास परिसर में परिवार के साथ रहने की सुविधा है। उन्होंने मांग की है कि अधीक्षकों के परिवारों के रहने के लिए छात्रावास से अलग आवास बनाए जाएं।

मौजूदा मेस राशि में पौष्टिक भोजन देना मुश्किल
सिंहदेव ने पत्र में लिखा है कि छात्रावासों और आश्रमों में रहने वाले अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के बच्चों के भोजन की राशि में तीन साल से बढ़ोतरी नहीं हुई है। इस दौरान दाल, चावल, खाद्य तेल, सब्जियों, मसालों और ईंधन की कीमतों में वृद्धि हुई है। इसका सीधा असर भोजन व्यवस्था पर पड़ रहा है।
उन्होंने आशंका जताई कि कम राशि के कारण बच्चों को सुबह का नाश्ता और दोनों समय पौष्टिक एवं संतुलित भोजन उपलब्ध कराना व्यावहारिक रूप से मुश्किल होता जा रहा है। इसका असर बच्चों के स्वास्थ्य, शारीरिक विकास और पढ़ाई पर भी पड़ सकता है।
HMS पोर्टल पर उपस्थिति के आधार पर कटौती का मुद्दा
सिंहदेव ने छात्रावासों के मेस बजट में HMS पोर्टल के जरिए होने वाली कटौती पर भी सवाल उठाए हैं। पत्र के मुताबिक, किसी विद्यार्थी की एक-दो दिन की अनुपस्थिति के आधार पर मेस बजट में कटौती कर दी जाती है, जबकि सामूहिक रसोई में गैस, मसालों और रसोइयों का खर्च लगभग स्थिर रहता है।
उन्होंने मांग की है कि न्यूनतम 24 दिन की उपस्थिति पर पूरा मेस बजट स्वीकृत किया जाए, ताकि भोजन व्यवस्था प्रभावित न हो।
अधीक्षकों के परिवार के लिए अलग आवास की मांग
पत्र में सिंहदेव ने कहा है कि छात्रावास अधीक्षकों की ड्यूटी 24 घंटे की होती है। उन्हें छुट्टी नहीं मिलती और परिवार के सदस्यों को छात्रावास में रहने की अनुमति भी नहीं है। उन्होंने अधीक्षकों के परिवार के लिए छात्रावास परिसर से अलग आवासीय भवन बनाने का सुझाव दिया है, ताकि वे परिवार के साथ रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।
ये मांगें भी उठाईं
सिंहदेव ने छात्रावासों के सुचारू संचालन के लिए अन्य मांगों पर भी सरकार का ध्यान आकर्षित किया है। इनमें बर्तन, सफाई सामग्री, प्राथमिक उपचार और आकस्मिक खर्च के लिए पर्याप्त बजट, ऑनलाइन उपस्थिति के लिए कंप्यूटर और इंटरनेट की सुविधा, शिक्षक संवर्ग के प्रभारी अधीक्षकों को टीएसके ऐप की अनिवार्यता से छूट और अधीक्षक संवर्ग के कैडर पुनर्गठन की मांग शामिल है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को प्राथमिकता देते हुए मेस भत्ते में महंगाई के अनुरूप तत्काल बढ़ोतरी करने और अधीक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभाग को निर्देश देने का आग्रह किया है।





