Home / राजधानी / *कोयला खदान में पार्टनरशिप के नाम पर 4.55 करोड़ की ठगी*

*कोयला खदान में पार्टनरशिप के नाम पर 4.55 करोड़ की ठगी*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) रायपुर में कोयला खनन कारोबार में पार्टनर बनाने और मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक कारोबारी से 4.55 करोड़ रुपए से ज्यादा की ठगी का मामला सामने आया है।

आरोप है कि KNS विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमन नारायण सिंह ने कोरबा जिले की खदान में साझेदारी का प्रस्ताव देकर कारोबारी से 4 करोड़ 55 लाख 25 हजार 296 रुपए लिए।

रकम मिलने के बाद न तो निवेश का पैसा लौटाया और न ही मुनाफे का हिसाब दिया। इसके बाद कारोबारी ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।

जानिए पूरा मामला

पुलिस के मुताबिक, ऐश्वर्या रेसिडेंसी के अक्षत राजन थ्री डायमंड इंडस्ट्रीज के संचालक हैं। कुछ समय पहले उनकी पहचान KNS विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमन नारायण सिंह से हुई थी।

आरोप है कि अमन ने उन्हें कोरबा जिले के पाली स्थित सरायपाली ओपन कास्ट कोल माइन में बिजनेस पार्टनर बनाने का प्रस्ताव दिया। उसने कारोबार में हिस्सेदारी के साथ निवेश की रकम और अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया।

अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किए 4.55 करोड़

प्रस्ताव पर भरोसा कर अक्षत ने आरोपी के अलग-अलग बैंक खातों में RTGS और NEFT के जरिए कुल 4,55,25,296 रुपए ट्रांसफर किए। इसके बाद वे खदान के कामकाज में भी सक्रिय रूप से शामिल हुए।

वर्ष 2023-24 में माइनिंग से जुड़े कामों के लिए ईंधन, मशीनों के रखरखाव और दूसरी जरूरी व्यवस्थाओं पर भी उन्होंने अतिरिक्त रकम खर्च की।

पैसे और मुनाफे का हिसाब मांगने पर टालने लगा

शिकायत में बताया गया है कि जब अक्षत ने निवेश की मूल रकम और मुनाफे का हिसाब मांगा तो आरोपी टालमटोल करने लगा। पिछले एक-दो साल से लगातार पैसे मांगने के बावजूद रकम नहीं लौटाई गई।

कारोबारी को लेन-देन और खदान में हुए खर्चों का हिसाब भी नहीं दिया गया। आखिरकार आरोपी ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया।

14 नवंबर को थाने पहुंचा कारोबारी, FIR दर्ज

लगातार कोशिशों के बाद भी रकम वापस नहीं मिलने पर अक्षत ने 14 नवंबर को तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने KNS विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमन नारायण सिंह के खिलाफ BNS की धारा 318(4), 316 और 61 के तहत FIR दर्ज की है। फिलहाल पुलिस मामले में लेन-देन और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page