Home / छत्तीसगढ़ / *दीपक टंडन की जमानत याचिका खारिज*

*दीपक टंडन की जमानत याचिका खारिज*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

बिलासपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़)  AI के जरिए लोगों की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाने और न्यूज पोर्टल की आड़ में ब्लैकमेलिंग कर वसूली करने वाले आरोपी होटल कारोबारी दीपक टंडन को कोर्ट से राहत नहीं मिली है। नवम सत्र न्यायाधीश की कोर्ट ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी है।

पुलिस ने आरोपी को रायपुर के एक अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से जब्त 2 मोबाइल की जांच में कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिलने का दावा किया गया है।

जानिए क्या है पूरा मामला

पुलिस के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर लोगों की तस्वीरें लेकर AI टूल की मदद से उनमें छेड़छाड़ करता था। इसके बाद आपत्तिजनक तस्वीरों के साथ भ्रामक खबरें अपने न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया पर प्रकाशित करता था।

इन खबरों और तस्वीरों को हटाने के नाम पर संबंधित लोगों पर रुपए देने का दबाव बनाया जाता था। मामले की गंभीरता और उपलब्ध तथ्यों को देखते हुए अदालत ने जमानत देने से इनकार कर दिया।

तस्वीरों से छेड़छाड़ कर खबरें प्रसारित करने की शिकायत

तिफरा के महाराणा प्रताप नगर निवासी मणिशंकर पांडेय ने 29 अक्टूबर को सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी तस्वीरों को AI से एडिट कर अश्लील और भ्रामक कंटेंट तैयार किया गया। इसके बाद उसे न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, इस पूरे मामले का उद्देश्य उनकी सामाजिक छवि खराब करना और दबाव बनाकर रुपए ऐंठना था। जांच के दौरान पुलिस को दीपक टंडन की भूमिका का पता चला।

रायपुर के अपार्टमेंट में दबिश देकर पकड़ा

पुलिस को आरोपी की लोकेशन रायपुर में मिली थी। इसके बाद 6 नवंबर को न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए।

पुलिस का दावा है कि मोबाइल की जांच में कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं। इन डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है।

रायपुर, कोरबा और सक्ती में भी दर्ज हैं मामले

पुलिस के अनुसार, दीपक टंडन के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल में रायपुर, कोरबा और सक्ती सहित प्रदेश के अलग-अलग जिलों में उसके खिलाफ करीब 10 मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन मामलों और आरोपी की कथित गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

डीएसपी कल्पना वर्मा से विवाद में भी आया था नाम

दीपक टंडन इससे पहले तत्कालीन डीएसपी कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद के कारण भी चर्चा में रहा था। टंडन ने डीएसपी पर रिश्वत, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी के आरोप लगाए थे। उसका दावा था कि डीएसपी ने प्रेम संबंध में फंसाकर शादी का झांसा दिया और उससे नकदी, महंगी गाड़ी और गहने लिए थे।

वहीं, कल्पना वर्मा ने इन आरोपों पर कहा था कि टंडन उनसे ली गई रकम वापस नहीं कर पा रहा था और देनदारी से बचने के लिए उसने सोशल मीडिया से तस्वीरें लेकर फर्जी चैट तैयार की थीं। उन्होंने कानूनी कार्रवाई की बात भी कही थी। फिलहाल इस नए मामले में पुलिस जब्त मोबाइल और डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है।

दीपक टंडन के खिलाफ दर्ज मामले

1. ठेका दिलाने के नाम पर 56 लाख की ठगी

रायपुर – तेलीबांधा थाना
शिकायतकर्ता: विकास कुमार नागले और श्याम सिंह ठाकुर
SECL कोरबा में सिक्योरिटी गार्ड की तैनाती और कोल ट्रांसपोर्टिंग का ठेका दिलाने का झांसा देने का आरोप।
सिक्योरिटी एजेंसी मैनेजर विकास कुमार नागले से 25 लाख और एजेंसी संचालक श्याम सिंह ठाकुर से 31 लाख रुपए लिए।
ठेका नहीं मिला तो पैसे वापस मांगने पर टालता रहा। बदले में दिए गए दोनों चेक बैंक में बाउंस हो गए।

2. होटल पर कब्जा और धमकी का मामला

रायपुर – तेलीबांधा थाना
शिकायतकर्ता: सरिता वाजपेयी
वीआईपी रोड स्थित साधना मंडप (होटल वेलकम श्री) की लीज खत्म होने के बाद भी कब्जा नहीं छोड़ने का आरोप।
नगर निगम की सील तोड़ने, जबरन प्रवेश, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप। पत्नी बरखा टंडन भी आरोपी।

3. जमीन और रेस्टोरेंट बेचने के नाम 36 लाख की ठगी

रायपुर – तेलीबांधा थाना
शिकायतकर्ता: आशीष जायसवाल।
16,500 वर्गफीट जमीन और एटमॉस्फिरिया रेस्टोरेंट बेचने का सौदा किया।
करीब 36 लाख रुपए लेने का आरोप।
शिकायत के मुताबिक जमीन दीपक और बरखा के नाम पर नहीं थी। पत्नी बरखा भी आरोपी।

4. फॉर्च्यूनर बेचने के नाम पर 20 लाख की ठगी

रायपुर – तेलीबांधा थाना
शिकायतकर्ता: आशीष जायसवाल।
2023 मॉडल फॉर्च्यूनर लीजेंडर बेचने का सौदा किया।
20 लाख रुपए लेने के बाद गाड़ी नहीं देने और रकम नहीं लौटाने का आरोप। इसी शिकायत पर अलग FIR दर्ज हुई।

5. सरकारी कोयला टेंडर दिलाने के नाम पर 15 लाख की ठगी

सक्ती – सिटी कोतवाली
शिकायतकर्ता: किशन शर्मा।
मार्च 2022 में बड़े अधिकारियों से पहचान बताकर कोयले का सरकारी टेंडर दिलाने का भरोसा दिया।
15 लाख रुपए लेने का आरोप। गारंटी के लिए बंद बैंक खाते का चेक देने की बात सामने आई।

6. AI से आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाकर वायरल करने का आरोप

बिलासपुर
शिकायतकर्ता: एक मीडियाकर्मी।
आरोप है कि AI से आपत्तिजनक फोटो और वीडियो तैयार कर न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए।
ब्लैकमेलिंग और भ्रामक सामग्री फैलाने के आरोप भी लगे। इसी मामले में बिलासपुर पुलिस ने दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page