Home / राजधानी / *कांग्रेस में फिर उभरी अंदरूनी खींचतान*

*कांग्रेस में फिर उभरी अंदरूनी खींचतान*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) छत्तीसगढ़ कांग्रेस में एक बार फिर अंदरूनी खींचतान सोशल मीडिया पर सामने आई है। रायपुर ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे की फेसबुक पोस्ट से पार्टी में नई चर्चा शुरू हो गई है।

उन्होंने पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन पद का अहंकार, दूसरों को नीचा दिखाने और चापलूसी की राजनीति पर तीखी टिप्पणी की है।

बंजारे ने लिखा कि संगठन में कुछ लोग शायद यह भूल जाते हैं कि पद मिलने का मतलब दूसरों से बड़ा होना नहीं, बल्कि सबको साथ लेकर चलने की जिम्मेदारी मिलना है। दूसरों को छोटा दिखाने से कोई बड़ा नहीं बनता और किसी को बार-बार नीचा दिखाने से अपना कद ऊंचा नहीं होता।

उन्होंने आगे लिखा कि समय का पहिया घूमता रहता है। आज किसी के पास पद है तो कल किसी और के पास होगा। इसलिए पद का अहंकार करने के बजाय व्यवहार में विनम्रता रखनी चाहिए।

‘कुर्सी की ताकत कुछ समय के लिए, पहचान हमेशा रहती है’

बंजारे ने अपनी पोस्ट में लिखा- ‘कुर्सी की ताकत कुछ समय के लिए होती है, लेकिन व्यक्तित्व की पहचान हमेशा रहती है।’

उन्होंने संगठन में सम्मान देने और पाने की बात भी कही। बंजारे ने लिखा- ‘पद पार्टी देती है, लेकिन कद इंसान अपने व्यवहार से बनाता है।’

शहर अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री ने भी किया समर्थन

बंजारे की पोस्ट पर रायपुर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने भी समर्थन जताया। उन्होंने कमेंट में लिखा- ‘बिल्कुल सही बात है, लोग समझते कहां हैं, देर-सबेर समझते हैं।’

वहीं, प्रदेश महामंत्री सुबोध हरितवाल ने लिखा- ‘रसूख सिर पर चढ़ जाए तो इंसानियत उतर जाती है। बहुत से लोग जो हवा में थे, जनता ने उन्हें जमीन दिखा दी है।’

कार्यकर्ताओं ने चापलूसी की राजनीति पर कसा तंज

पोस्ट के कमेंट सेक्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी नाराजगी जाहिर की। कुछ कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में ही खींचतान चल रही है।

एक कार्यकर्ता ने तंज कसते हुए लिखा कि संगठन में जो ड्राइवरी और चापलूसी करेगा, वही आगे बढ़ेगा।

हालांकि, बंजारे ने अपनी पोस्ट में किसी नेता या गुट का नाम नहीं लिया है। यह भी स्पष्ट नहीं किया है कि उनकी टिप्पणी किसके लिए थी। लेकिन शहर अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री की प्रतिक्रियाओं के बाद पोस्ट को लेकर पार्टी के भीतर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

बंजारे बोले- व्यक्तिगत निशाना नहीं, मन की बात कही है

पोस्ट पर ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे ने कहा कि उन्होंने किसी पर व्यक्तिगत निशाना नहीं साधा है। उन्होंने सिर्फ अपने मन की बात कही है।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page