रायपुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) राज्य शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के चार अधिकारियों को वेतनमान में पदोन्नति दी है। 1997 बैच के सुबोध कुमार सिंह और निहारिका बारिक को अपर मुख्य सचिव (एसीएस) वेतनमान (पे मैट्रिक्स लेवल-17) में पदोन्नत किया गया है। वहीं 2002 बैच के डॉ. रोहित यादव और डॉ. कमलप्रीत सिंह को प्रमुख सचिव वेतनमान (पे मैट्रिक्स लेवल-15) में पदोन्नति दी गई है।
पदोन्नति के बाद सुबोध कुमार सिंह अपर मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री तथा अतिरिक्त प्रभार अपर मुख्य सचिव, ऊर्जा विभाग और अध्यक्ष छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के साथ प्रमुख आवासीय आयुक्त, छत्तीसगढ़ भवन, नई दिल्ली की जिम्मेदारी संभालेंगे। निहारिका बारिक अपर मुख्य सचिव, गृह एवं जेल विभाग होंगी। डॉ. रोहित यादव प्रमुख सचिव, वित्त विभाग तथा अतिरिक्त प्रभार प्रमुख सचिव, जनसंपर्क विभाग और अध्यक्ष पेंशन निराकरण समिति की जिम्मेदारी संभालेंगे। डॉ. कमलप्रीत सिंह प्रमुख सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग होंगे। इन पदोन्नतियों के लिए भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने दोनों वेतनमानों में दो-दो रिक्तियों का निर्धारण किया था। पदोन्नति कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी होगी।
अगले सीएस के लिए सुबोध होंगे आगे
दो नए एसीएस(अपर मुख्य सचिव) बनने के साथ ही राज्य में अभी एसीएस की संख्या छह एसीएस हो गए हैं। सुबोध सिंह और निहारिका बारिक के अलावा ऋचा शर्मा मनोज पिंगुआ मंत्रालय में पदस्थ हैं। जबकि सुब्रत साहू राजस्व मंडल के अध्यक्ष और रेणु पिल्ले माध्यमिक शिक्षा मंडल और कर्मचारी चयन आयोग की अध्यक्ष हैं। साहू और पिल्ले 2028 में रिटायर हो जाएंगे। उसके बाद वर्तमान मुख्य सचिव विकासशील के साथ मनोज पिंगुआ और ऋचा शर्मा 2029 में रिटायर होंगे। ऐसी स्थिति में एसीएस में सुबोध सिंह और निहारिका बारिक सीनियर एसीएस होंगे। सुबोध सिंह का कार्यकाल 2033 तक है। ऐसे में यह माना जा रहा है कि वे अगले मुख्य सचिव के लिए पहली पसंद हो सकते हैं।





