*रायपुर,,महादेव घाट में 24 नवंबर को होगा भव्य कार्तिक पुन्नी स्नान एवं दीपदान, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल होंगे मुख्य अतिथि, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय भी होंगे शामिल
रायपुर।सियासत दर्पण न्यूज, छत्तीसगढ़ की प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से कार्तिक पुन्नी मेला आयोजन समिति द्वारा रायपुर के ऐतिहासिक महादेव घाट स्थित खारून नदी के पावन तट पर 23 एवं 24 नवंबर 2026 को भव्य कार्तिक पुन्नी मेला का आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर पर 24 नवंबर, मंगलवार को सुबह 5 बजे कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर पुन्नी स्नान एवं दीपदान का भव्य आयोजन होगा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री माननीय श्री भूपेश बघेल जी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। साथ ही पूर्व विधायक श्री विकास उपाध्याय जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी एवं विकास उपाध्याय जी खारून नदी में पुन्नी स्नान कर भगवान श्री हाटकेश्वरनाथ महादेव की पूजा-अर्चना एवं दर्शन करेंगे तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे।
वहीं, 23 नवंबर, सोमवार को शाम 6:30 बजे खारून नदी महादेव घाट पर भव्य दिव्य खारून महाआरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में श्री लल्लू महाराज जी एवं श्री अंशु महाराज जी रायपुर,तथा जय श्री महाकाल जस जगराता एवं मानस परिवार जामगांव (एम) पाटन जिला दुर्ग द्वारा आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
इस आयोजन में कार्तिक पुन्नी मेला आयोजन समिति के सदस्य, श्रद्धालु एवं बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल होकर पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेंगे।
कार्तिक पुन्नी मेला आयोजन समिति एवं समस्त ग्रामवासी रायपुर ने सभी श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमियों एवं नगरवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में महादेव घाट पहुंचकर पुन्नी स्नान, दीपदान, खारून महाआरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होकर इस गौरवशाली धार्मिक परंपरा का हिस्सा बनें।
