अंबिकापुर :(सियासत दर्पण न्यूज़) संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय सरगुजा अंबिकापुर में जनजातीय इतिहास, संस्कृति और साहित्य जैसे विषय पर अध्ययन व शोध का अवसर विद्यार्थियों को मिलेगा। विश्वविद्यालय की ओर से जनजातीय अध्ययन के क्षेत्र में 118 करोड़ रुपये की लागत से भगवान बिरसा मुंडा पीठ की स्थापना का प्रस्ताव है।
राज्य सरकार ने प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को अनुमति के लिए भेजा है। इसके साथ ही अगले शैक्षणिक सत्र से विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर जनजातीय अध्ययन का पाठ्यक्रम प्रारंभ किया जा रहा है। इससे सरगुजा अंचल जनजातीय अध्ययन का राष्ट्रीय केंद्र बनेगा और यहां के विद्यार्थियों व शोधार्थियों को अपने ही क्षेत्र में उच्च स्तरीय अध्ययन और शोध का अवसर मिलेगा।
उक्त घोषणा कुलपति प्रो राजेंद्र लाकपाले ने राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी के समापन सत्र में की।
राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर में उच्च शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ शासन एवं स्वशासी योजना के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी जनजातीय इतिहास, संस्कृति और साहित्य का समापन हुआ। समापन सत्र के मुख्य अतिथि संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेंद्र लाकपाले रहे, जबकि अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सिन्हा ने की।
संयोजक सुनील अजीत कुमार केरकेट्टा ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उच्च शिक्षा विभाग के अपर संचालक ज्ञानेंद्र शुक्ला और सहायक संचालक गोवर्धन यदु के सहयोग की भी सराहना की गई। समापन सत्र में मुख्य अतिथि कुलपति प्रो राजेंद्र लाकपाले ने महाविद्यालय द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय संगोष्ठी की मुक्तकंठ से सराहना की।
उन्होंने कहा कि जनजातीय इतिहास, संस्कृति और साहित्य जैसे विषय पर इस प्रकार का गंभीर विमर्श आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है, क्योंकि बिना अपने मूल इतिहास को जाने कोई भी समाज अपनी अस्मिता को नहीं बचा सकता।
दो दिनों के विमर्श ने सिद्ध कर दिया कि जनजातीय समाज केवल अतीत की धरोहर नहीं है, बल्कि वर्तमान और भविष्य के भारत के लिए भी मार्गदर्शक है।
कुलपति ने आदिवासी इतिहास और नायकों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, रानी दुर्गावती, राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह जैसे नायकों ने केवल अपने समाज के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश की स्वतंत्रता और स्वाभिमान के लिए संघर्ष किया। इन नायकों ने अन्याय के विरुद्ध कभी समझौता नहीं किया।
इन नायकों का इतिहास आज की युवा पीढ़ी तक पहुंचना ही चाहिए, ताकि वे अपनी जड़ों पर गर्व कर सकें और अपने इतिहास को हीनता से नहीं, बल्कि गौरव से देख सकें। उन्होंने कहा कि जब तक पाठ्यपुस्तकों और शोध में इन नायकों को समुचित स्थान नहीं मिलेगा, तब तक भारत का इतिहास अधूरा ही माना जाएगा।
सरगुजा अंचल जनजातीय अध्ययन का राष्ट्रीय केंद्र बनेगा
कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय में भगवान बिरसा मुंडा पीठ की स्थापना का प्रस्ताव राज्य सरकार से पारित होकर केंद्र सरकार की अनुमति के लिए भेजा जा चुका है। इस पीठ में बिरसा मुंडा के जीवन, दर्शन, संघर्ष और जनजातीय समाज के योगदान पर उच्च स्तरीय शोध होगा। इसके साथ ही अगले शैक्षणिक सत्र से विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर जनजातीय अध्ययन का पाठ्यक्रम प्रारंभ किया जा रहा है।
कुलपति ने कहा कि इन प्रयासों से सरगुजा अंचल जनजातीय अध्ययन का राष्ट्रीय केंद्र बनेगा और यहां के विद्यार्थियों व शोधार्थियों को अपने ही क्षेत्र में उच्च स्तरीय अध्ययन और शोध का अवसर मिलेगा। उन्हें अब इसके लिए बड़े शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा।
कुलपति ने कहा कि महाविद्यालय की यह संगोष्ठी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य प्रो अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि महाविद्यालय भविष्य में भी इस प्रकार के राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। इस अवसर पर उच्च शिक्षा संचालनालय के सहायक संचालक ज्ञानेंद्र शुक्ला एवं डा. गोवर्धन यदु ने भी उपस्थित होकर अपने विचार रखे तथा महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों की प्रशंसा की।
जनजातीय इतिहास को पाठ्यक्रम और शोध में समुचित स्थान जरूरी दो दिनों के विमर्श से यह निष्कर्ष निकला कि जनजातीय इतिहास को पाठ्यक्रम और शोध में समुचित स्थान मिलना चाहिए, मौखिक साहित्य, लोकगीत और लोकज्ञान का तत्काल दस्तावेजीकरण आवश्यक है और जनजातीय इतिहास का लेखन तभी प्रामाणिक होगा जब शोधकर्ता जनजातीय भाषाओं, लोक परंपराओं और स्थानीय स्मृतियों में गहराई से उतरेगा।
चार विषय सत्रों में 65 शोधार्थियों ने प्रस्तुत किए शोध पत्र
दो दिनों में कुल चार विषय सत्रों के साथ दो जाल माध्यम से समानांतर सत्र भी हुए, जिनमें लगभग 65 शोधार्थियों ने शोध पत्र प्रस्तुत किए। प्रथम सत्र जनजातीय इतिहास पर केंद्रित रहा, जिसकी अध्यक्षता प्रो आरपी सिंह ने की।
मुख्य वक्ता डा जनार्दन गौंड ने कहा कि रानी दुर्गावती, राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह जैसे नायकों को छोटे राजा कहकर हाशिये पर डाल दिया गया, जबकि बिना गोंडी, कुरुख, मुंडारी, सादरी, बोडो जैसी जनजातीय भाषाओं में उतरे सही इतिहास नहीं लिखा जा सकता।
द्वितीय सत्र जनजातीय संस्कृति पर केंद्रित रहा, जिसकी अध्यक्षता प्रो सुषमा भगत ने की। इसमें सात शोधार्थियों ने करमा, सरहुल, मदई, लोकनृत्य और वन-ज्ञान पर शोध पत्र प्रस्तुत किए। तृतीय सत्र जनजातीय साहित्य पर केंद्रित रहा, जिसकी अध्यक्षता डा जनार्दन गौंड ने की। इसमें कवि-चित्रकार महेश वर्मा ने कहा कि गोंडवानी, सोहराय, धनकुल गाथाएं ही आदिवासी समाज का वेद-पुराण हैं।
डा विश्वासी एक्का ने सृजन की चुनौतियों पर प्रकाश डाला। चतुर्थ सत्र जनजातीय गौरव पर केंद्रित रहा, जिसकी अध्यक्षता प्रो एसएन पाण्डेय ने की। इसमें डा शम्भू तिर्की और डा उमेश कुमार पाण्डेय ने गौरव और अस्मिता पर चर्चा की।
