*AI फोटो के नाम पर ब्लैकमेलिंग, 12 मामले आए सामने*

3

भिलाई।(सियासत दर्पण न्यूज़)  इंटरनेट मीडिया पर फोटो बनाने और AI से उसमें बदलाव कराने का शौक लोगों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। लोग अपनी सामान्य तस्वीरों को नया लुक देने के लिए अलग-अलग AI प्लेटफार्म पर अपलोड कर रहे हैं। कई बार इंटरनेट मीडिया पर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध तस्वीरें भी साइबर ठगों के हाथ लग जाती हैं। इसके बाद इन तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर अश्लील और आपत्तिजनक फोटो तैयार किए जाते हैं। इन्हें वायरल करने की धमकी देकर लोगों से रुपए वसूले जा रहे हैं।

भिलाई-दुर्ग में पिछले आठ महीने के दौरान इस तरह की ब्लैकमेलिंग के 12 मामले सामने आए हैं। जामुल थाना क्षेत्र में सबसे ज्यादा तीन मामले दर्ज हुए हैं। वहीं सुपेला में दो और उतई व मोहन नगर थाना क्षेत्र में एक-एक मामला सामने आया है। अन्य थाना क्षेत्रों में भी इस तरह की शिकायतें मिली हैं।

तस्वीर को हथियार बनाकर मांग रहे रकम

छावनी थाना क्षेत्र में जुलाई में ऐसा ही मामला सामने आया था। आरोपित ने एक युवती की इंटरनेट मीडिया से तस्वीर निकालकर AI की मदद से एडिट कर दी। इसके बाद इंटरनेट पर तस्वीर वायरल करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की मांग की। पीड़िता ने 24 जुलाई को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

प्रोफाइल लाक रखना जरूरी

इंटरनेट मीडिया पर अपनी निजी तस्वीरों को सार्वजनिक करने से बचना चाहिए।
अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से पहले उनकी प्रोफाइल की जांच करें।
अपनी प्रोफाइल लाक रखें और निजी फोटो-वीडियो किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
यदि कोई एडिट की गई तस्वीर के जरिए ब्लैकमेल करता है तो डरकर रुपये देने के बजाय पुलिस में शिकायत करें।
चैट और स्क्रीनशाट जैसे साक्ष्य भी सुरक्षित रखें।

3

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page