*युवती से सरेराह मारपीट, गाल पर काटा*

3

धमतरी।(सियासत दर्पण न्यूज़) जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवती के अपहरण और मारपीट की वारदात सामने आई है। स्कूटी से घर लौट रही युवती का दो बाइक सवार युवकों ने रास्ता रोक लिया और जबरन अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर भाग निकले। युवती ने जब खुद को छुड़ाने के लिए शोर मचाया, तो मुख्य आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया और गाल पर दांत से काटकर घायल कर दिया। हालांकि, परिजनों और ग्रामीणों की सतर्कता से युवती को सुरक्षित छुड़ा लिया गया है। पुलिस ने एक आरोपी पुष्पेंद्र यादव (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।

स्कूटी के सामने अड़ाई बाइक

पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर की सुबह युवती अपने होटल का सामान छोड़कर स्कूटी से घर जा रही थी। इसी दौरान मेघा क्रिकेट मैदान के पास से बाइक सवार मनमोहन साहू और उसका साथी पुष्पेंद्र यादव उसका पीछा करने लगे। ग्राम सेन्हाभाठा प्राथमिक शाला के पास दोनों ने युवती की स्कूटी के सामने अपनी बाइक अड़ाकर रास्ता रोक लिया। आरोप है कि मुख्य आरोपी मनमोहन ने युवती से बदसलूकी करते हुए उसे जबरन बाइक पर बैठा लिया। युवती के विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए उसका मुंह दबाया और गाल पर दांत से काट लिया।

ग्रामीणों की घेराबंदी से बची

वारदात के बाद आरोपी युवती को परसवानी, भोथीडीह और राजिम के रास्ते बोरसी पुरैना मोड़ की ओर ले जा रहे थे। इसी बीच सूचना मिलने पर युवती के परिजनों और ग्रामीणों ने बोरसी पुरैना मोड़ के पास घेराबंदी कर दी। लोगों को जमा होते देख मुख्य आरोपी मनमोहन साहू अपनी बाइक वहीं छोड़कर फरार हो गया और युवती सुरक्षित बच गई। पीड़िता की शिकायत पर मगरलोड पुलिस ने केस दर्ज कर ग्राम गिरौद निवासी आरोपी पुष्पेंद्र यादव (20) को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त कर ली गई है। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को 7 दिसंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

3

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page