*हाथी के हमले में ग्रामीण गंभीर घायल*

3

सरगुजा: (सियासत दर्पण न्यूज़) विकासखंड बतौली के सलैयाडीह जंगल में हाथी के हमले से एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान जागेश्वर उर्फ मंत्री पैकरा, पिता रंगलाल पैकरा, 32 वर्ष, निवासी टिरंग के रूप में हुई है। बताया गया कि कुछ ग्रामीण जंगल के पास खेतों में धान कटाई एवं फसल को ढोने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक जंगल की ओर से आए दो हाथियों में से एक ने जागेश्वर पर हमला कर दिया।

खेत गीली हाेने के कारण वह बाकी ग्रामीणों की तरह भाग नहीं पाया। हालांकि दूसरे साथियों द्वारा शोर मचाने से हाथी अचानक पीछे पलटा और जंगल की ओर वापस लौट गया जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि हमले में उसे गंभीर चोटें आई हैं। ग्रामीण को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना को वीडियो इंटरनेट मीडिया में बहुप्रसारित हो रहा है। हमले के बाद आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल है। क्षेत्र में हाथियों की संभावित आवाजाही को देखते हुए पुलिस और वन विभाग की टीमें सतर्क हैं।

जानकारी के अनुसार सलहियाडीह जंगल में हाथियों की मौजूदगी बनी हुई है। संभावना जताई जा रही है कि हाथियों का दल यहां से लुण्ड्रा और झांकी जंगल की ओर जा सकता है। इसे देखते हुए बतौली थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम तथा वन विभाग की कई टीमें क्षेत्र में सक्रिय हैं और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।

गांव-गांव पहुंचकर कर दी जा रही समझाइश- हाथियों की आवाजाही को देखते हुए बतौली पुलिस एवं वन विभाग द्वारा भीड़ नियंत्रण के साथ ग्रामीणों को लगातार समझाइश दी जा रही है। पुलिसकर्मी गांव-गांव पहुंचकर लोगों से हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, उनके नजदीक नहीं जाने और उन्हें किसी भी तरह से परेशान नहीं करने की अपील कर रहे हैं।

ग्रामीणों को जंगल की ओर अकेले नहीं जाने, हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सुरक्षित स्थान पर रहने तथा हाथियों को देखने के लिए भीड़ नहीं लगाने की सलाह दी जा रही है। अचानक हाथियों के आ धमकने और इसकी जानकारी नहीं होने पर ग्रामीणों ने वन विभाग की निगरानी पर सवाल उठाए हैं।

उनका कहना है कि हाथियों की आवाजाही क्षेत्र में बनी रहती है इसके बावजूद वन विभाग द्वारा पहले से ऐसी व्यवस्था क्यों नहीं की जाती, जिससे संभावित खतरे वाले गांवों को समय रहते जानकारी मिल सके। इस दिशा में ठोस पहल की जरूरत है।

3

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page