बिलासपुर:(सियासत दर्पण न्यूज़) यदि आप पनीर खाने के शौकीन हैं और शहर की डेयरी या नामी होटलों व रेस्तरां से पनीर मंगाकर खा रहे हैं, तो सावधान हो जाइए। आपकी थाली में परोसा जा रहा पनीर सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की ताजा जांच रिपोर्ट ने शहर में बिक रहे पनीर की शुद्धता की पोल खोल दी है।
बीते एक माह के भीतर शहर के अलग-अलग प्रतिष्ठानों से लिए गए पनीर के पांच सैंपल प्रयोगशाला की जांच में फेल हो गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक ये सैंपल अमानक (सब-स्टैंडर्ड) और मिलावटी पाए गए हैं, जो सीधे तौर पर खाने लायक नहीं हैं।
राज्य स्तर पर पहले ही एनालाग पनीर (सिंथेटिक या वनस्पति तेल से बने नकली पनीर) के निर्माण और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है। इसके बावजूद मुनाफाखोरों द्वारा मिलावटी पनीर खपाने का सिलसिला थम नहीं रहा है। विभाग द्वारा पिछले दिनों चलाए गए सघन जांच अभियान के दौरान शहर के प्रमुख डेयरी संचालकों और रेस्तरां से पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजे गए थे। एक माह के भीतर मिली जांच रिपोर्ट में पांच प्रतिष्ठानों के पनीर मानकों पर खरे नहीं उतरे।
लगातार मिल रही मिलावट की शिकायतों और जांच रिपोर्ट में हुई पुष्टि के बाद आम लोगों के लिए यह जरूरी हो गया है कि वे पनीर खरीदने या खाने से पहले उसकी शुद्धता को जरूर परखें। मिलावटी और अमानक पनीर का सेवन लिवर, किडनी और पाचन तंत्र को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है।
