*कोयला लेवी घोटाले में रामगोपाल अग्रवाल की जमानत खारिज*

3

रायपुर:(सियासत दर्पण न्यूज़) प्रदेश के बहुचर्चित 540 करोड़ रुपये के कोयला लेवी घोटाले में कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष और नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के पूर्व अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली है। जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास की एकलपीठ ने उनकी नियमित जमानत याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने केस डायरी और जांच में जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया आर्थिक अपराध में उनकी संलिप्तता के संकेत पाए।

जांच एजेंसी का आरोप है कि अग्रवाल ने कांग्रेस के प्रदेश कोषाध्यक्ष रहते हुए अवैध वसूली की रकम में से 104.20 करोड़ रुपये देवेंद्र डड़सेना के माध्यम से पार्टी तक पहुंचाए थे। उनके और परिजनों के नाम पर संपत्तियां खरीदे जाने की बात भी जांच में सामने आई है।

25 रुपये प्रति टन की दर से होती थी वसूली

यह मामला एसीबी/ईओडब्ल्यू में दर्ज अपराध क्रमांक 03/2024 से जुड़ा है। अभियोजन के मुताबिक, प्रदेश में ऑनलाइन कोयला परिवहन परमिट व्यवस्था समाप्त कर मैनुअल सिस्टम लागू किया गया था। इसके जरिए कोयले पर 25 रुपये प्रति टन की दर से अवैध वसूली की जाती थी।
जांच एजेंसी के अनुसार, जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच रायगढ़, कोरबा और सूरजपुर समेत कोयला उत्पादक जिलों में करीब 540 करोड़ रुपये की वसूली हुई। ईडी की रिपोर्ट के आधार पर 17 जनवरी 2024 को 35 आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।

बचाव पक्ष ने दी सुप्रीम कोर्ट के फैसलों की दलील

अग्रवाल के वकीलों ने कोर्ट में दलील दी कि उन्होंने जांच में पूरा सहयोग किया है और अब हिरासत में पूछताछ की आवश्यकता नहीं है। मुकदमे में देरी और कुछ सह आरोपितों को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत का हवाला देते हुए राहत मांगी गई।

सरकार ने संपत्तियों का दिया हवाला

राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता प्रवीण दास ने जमानत का विरोध किया। उन्होंने दलील दी कि संपत्तियों की खरीद में इस्तेमाल रकम के स्रोत को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया है। बेटे के नाम पर भी कई संपत्तियां खरीदे जाने की जानकारी सामने आई है।
दोनों पक्षों को सुनने के बाद हाईकोर्ट ने अपराध की गंभीरता और उपलब्ध साक्ष्यों को देखते हुए जमानत देने से इनकार कर दिया। हालांकि, कोर्ट ने स्पष्ट किया कि आदेश में की गई टिप्पणियों का मुकदमे की सुनवाई पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

3

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page