*सस्ते सोलर पैनल के नाम पर 1.28 करोड़ की ठगी*

3

रायपुर:(सियासत दर्पण न्यूज़) सस्ते दाम पर सोलर पैनल देने का झांसा देकर कारोबारी से एक करोड़ 28 लाख 18 हजार 668 रुपये की ठगी के मामले में गंज थाना पुलिस ने अक्षत पांडे (22) को गिरफ्तार किया है। वह उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित दादा नगर की लेबर कॉलोनी का निवासी है और फिलहाल जयपुर के नारायण विहार में रह रहा था। पुलिस उसे न्यायालय में पेश करने के लिए रवाना हुई है।

मुंबई की कंपनी का प्रतिनिधि बताकर फंसाया

मामले की शुरुआत 16 जून 2026 को हुई। बेमेतरा निवासी मृत्युंजय शर्मा रायपुर के फाफाडीह चौक स्थित रहेजा टावर में मंगलम प्रोजेक्ट्स के नाम से सोलर पैनल का कारोबार करते हैं। वह पीएम सूर्य घर योजना के तहत वेंडर भी हैं। तौहिद काजी नामक व्यक्ति ने उन्हें फोन कर खुद को मुंबई की सनरूट एनर्जी साल्यूशन कंपनी का प्रतिनिधि बताया और बाजार से कम कीमत पर पैनल देने का प्रस्ताव रखा।

पहले 108 पैनल का सौदा 13,721 रुपये प्रति पैनल पर तय हुआ। 35 प्रतिशत अग्रिम लेकर 10 दिन में आपूर्ति का भरोसा दिया गया। कारोबारी ने कंपनी के बैंक खाते में 5 लाख 18 हजार 668 रुपये जमा किए।

बड़े आर्डर का लालच देकर की ठगी, दस्तावेज निकले फर्जी

बाद में कथित मैनेजर सरफराज के जरिये अक्षत से संपर्क कराया गया। अक्षत ने बड़े आर्डर में अधिक लाभ का भरोसा दिलाया। 1800 पैनल का सौदा दो करोड़ 25 लाख 43 हजार 920 रुपये में तय हुआ। कारोबारी ने अलग-अलग तारीखों में विभिन्न बैंक खातों में आरटीजीएस से एक करोड़ 28 लाख 18 हजार 668 रुपये जमा किए, लेकिन पैनल नहीं मिले।
अक्षत ने वाट्सएप पर ई-वे बिल और जीएसटी नंबर भेजकर बाकी रकम मांगी। जांच में दस्तावेज फर्जी निकले। कंपनी के संचालकों और कर्मचारियों के मोबाइल नंबर बंद मिले। पुलिस अन्य आरोपितों और रकम के लेनदेन की जांच कर रही है।

3

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page