अंबिकापुर :(सियासत दर्पण न्यूज़) संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय की पीएचडी की चयन सूची को लेकर जारी विवाद और गहराता जा रहा है। नियमों की अनदेखी के आरोपों से घिरे विश्वविद्यालय प्रबंधन ने ऐसा कारनामा किया है कि पूरी प्रक्रिया ही संदेह के दायरे में आ गई है। दरअसल जब कोई भी परीक्षा ली जाती है तो मेरिट अंकों के आधार पर बनता है, लेकिन विश्वविद्यालय ने अंक सार्वजनिक ही नहीं किए और सीधे चयन सूची जारी कर दी। इसी कारण प्रबंधन पर मनमानी और स्वेच्छाचारिता का आरोप लग रहा है।
विश्वविद्यालय में शोध के लिए प्रवेश प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों में शुरू से ही असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। पीएचडी जैसे सर्वोच्च शैक्षणिक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए पारदर्शिता सबसे बड़ी शर्त मानी जाती है, क्योंकि इसी के आधार पर अभ्यर्थी का भविष्य तय होता है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने महीनों तक लिखित परीक्षा और साक्षात्कार की तैयारी की, लेकिन जब परिणाम आया तो उन्हें यह तक नहीं बताया गया कि उन्हें कितने अंक मिले। चयन सूची में शामिल अभ्यर्थियों को कितने अंक मिले और जिनका चयन नहीं हुआ उनका अंक कितना था, यह किसी को बताया ही नहीं गया।
लिखित के 70 और साक्षात्कार के 30 अंक थे निर्धारित
विश्वविद्यालय ने पीएचडी प्रवेश परीक्षा में लिखित के 70 और साक्षात्कार के 30 अंक निर्धारित किए थे। इन 30 अंकों को भी अलग-अलग केटेगरी में विभाजित किया गया था।जब अंकों का निर्धारण था तो उसे सार्वजनिक नहीं करने के कारण ही विश्वविद्यालय आरोपों से घिर गया है। जब सभी परीक्षाओं में कुल अंक और प्राप्तांक सार्वजनिक होते हैं तो इसमें क्यों नहीं हुआ, यह सवाल अभ्यर्थी लगातार पूछ रहे हैं।
उनका तर्क है कि यदि अंक सार्वजनिक कर दिए जाते तो पारदर्शिता बनी रहती। किसे कितने अंक मिले, किसका साक्षात्कार कैसा हुआ, यह सब सामने आ जाता। लेकिन अंक छिपाने से ऐसा लगता है कि प्रबंधन कुछ छिपाना चाह रहा है। इसी वजह से चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर ही सवाल खड़े हो गए हैं।
दस्तावेज एकत्रित कर रहें है अभ्यर्थी
अभ्यर्थियों का कहना है कि विश्वविद्यालय ने पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता ही नहीं रखी, इसलिए चयन सूची विवादित हो चुकी है। अभ्यर्थियों की ओर से लगातार लिखित और मौखिक शिकायत की जा रही है, लेकिन प्रबंधन शिकायतों का निराकरण तो दूर, अभ्यर्थियों को संतुष्ट भी नहीं कर पा रहा है। अभ्यर्थी कुलपति कार्यालय से लेकर परीक्षा विभाग तक चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है।
यही कारण है कि अभ्यर्थियों ने प्रबंधन के अलावा राज्य सरकार से भी पीएचडी प्रक्रिया में विसंगति की लिखित शिकायत कर अब हाईकोर्ट में याचिका दायर करने के लिए जरूरी दस्तावेज एकत्रित कर रहे हैं, जिसमें विश्वविद्यालय द्वारा आधिकारिक वेबसाइट में अपलोड दस्तावेजों को भी संग्रहित किया जा रहा है। इन दस्तावेजों के परीक्षण में भी गड़बड़ियां पकड़ में आ रही हैं।
अंक सार्वजनिक करना चाहिए प्रबंधन को
अभ्यर्थियों का कहना है कि यदि विश्वविद्यालय को लगता है कि प्रक्रिया पूरी तरह सही है तो उसे अंकों को सार्वजनिक करने में क्या दिक्कत है। अंक सार्वजनिक करने तथा साक्षात्कार और लिखित परीक्षा में अनुपस्थित अभ्यर्थियों के चयन का आधार बता दिया जाए तो सारा विवाद खत्म हो जाएगा। लेकिन अंक सार्वजनिक न करना ही संदेह को और गहरा कर रहा है। अभ्यर्थियों का कहना है कि छत्तीसगढ़ के योग्य अभ्यर्थी मौजूद थे, फिर भी उन्हें दरकिनार कर दूसरे राज्यों के अभ्यर्थियों को मौका दे दिया गया। अभ्यर्थियों का कहना है कि चयन सूची को तत्काल निरस्त कर दोबारा पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए।
नियमों के तहत सारी प्रक्रिया की गई है पूरी : प्रबंधन
विश्वविद्यालय प्रबंधन ने अभ्यर्थियों के आरोपों को खारिज किया है। पीएचडी प्रभारी डा पीयूष पांडेय ने कहा कि नियम प्रक्रियाओं के तहत चयन सूची जारी की गई है। लगभग 1200 अभ्यर्थी में से 322 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। सभी का चयन तो नहीं हो सकता। लिखित परीक्षा राष्ट्रीय स्तर पर यूजीसी के निर्धारित नियमों के तहत होती है। देशभर के अभ्यर्थी शामिल होते है। नेट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को छूट रहती है।
सिर्फ आरक्षण नियम छत्तीसगढ़ शासन का लागू होता है। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और नियमों के तहत पूरी की गई है। अभ्यर्थियों को संतुष्ट किया जा चुका है फिर भी वे शिकायत कर रहे हैं,इनमें बमुश्किल दो-तीन लोग ही होंगे। नियमानुसार चयन सूची जारी की गई है।
