*बिश्रामपुर खरीदी केंद्र पहुंचे मंत्री बघेल*

3

अंबिकापुर : (सियासत दर्पण न्यूज़) धान खरीदी के बीच किसानों के लिए राज्य शासन ने महत्वपूर्ण प्रविधान किया है। अब प्रति एकड़ निर्धारित 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी समर्थन मूल्य की अंतर राशि से वंचित नहीं होना पड़ेगा। उन्हें पात्रता के अनुसार प्रति एकड़ के आधार पर पूरी अंतर राशि प्रदान की जाएगी।

गुरुवार को जिले के प्रवास पर पहुंचे खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री तथा प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने जयनगर और रामनगर धान उपार्जन केंद्रों के निरीक्षण के दौरान किसानों को यह जानकारी दी। प्रभारी मंत्री ने खरीदी केंद्रों में पहुंचकर धान खरीदी की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर टोकन मिलने, धान बेचने और केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।

किसानों ने टोकन और धान विक्रय में किसी तरह की परेशानी नहीं होने की बात कही। मंत्री ने किसानों को बिचौलियों से सावधान रहने तथा धान विक्रय से संबंधित अपना खाता किसी दूसरे व्यक्ति को नहीं देने की समझाइश दी।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने केवल अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि धान की गुणवत्ता और तौल व्यवस्था की भी जांच कराई। उन्होंने नमी मापक यंत्र से धान की नमी मापी और तौल मशीन पर बोरियों का वजन कराकर निर्धारित मापदंडों की पड़ताल की। बोरियों में तय मात्रा के अनुरूप धान भरने के निर्देश दिए। हमालों की उपलब्धता और उनसे जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

समिति स्तर पर नकद निकासी की सुविधा

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर रेना जमील ने जिले में धान खरीदी के लिए की गई तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। पारदर्शिता के साथ खरीदी की जा रही है तथा किसानों के नाम और ऋण संबंधी सूची केंद्रों में चस्पा की गई है।

किसानों की सुविधा के लिए माइक्रो एटीएम के माध्यम से समिति स्तर पर ही राशि आहरण की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है। रामनगर केंद्र में मंत्री ने धान विक्रय करने पहुंचीं किसान विमला देवी और रामविलास मानिकपुरी से चर्चा कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। साथ ही उन्हें योजना के तहत मिलने वाली अंतर राशि की जानकारी दी।

3

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page