अंबिकापुर: (सियासत दर्पण न्यूज़) ग्राम सरगा स्थित निजी स्कूल भारत माता बाल विद्या मंदिर के शिक्षक पर केजी वन में पढ़ने वाले चार वर्षीय मासूम छात्र की छड़ी से पिटाई का आरोप लगा है। पिटाई के बाद बच्चे की पीठ पर छड़ी के गहरे लाल निशान उभर आए हैं। घटना के बाद स्वजन ने केरजू पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दी है। साथ ही शिक्षा विभाग से भी स्कूल की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता ग्राम सरगा निवासी भीम राम ने चौकी प्रभारी केरजू को दिए आवेदन में बताया है कि उनका चार वर्षीय पुत्र गांव के ही भारत माता बाल विद्या मंदिर में केजी-वन का छात्र है।
पिता के अनुसार 25 नवंबर को स्कूल में बच्चे की पीठ पर छड़ी से पांच बार प्रहार किया गया। छुट्टी के बाद जब बच्चा घर पहुंचा तो वह रो रहा था और दर्द से कराह रहा था। स्वजन ने जब उसकी पीठ देखी तो वहां छड़ी के उभरे हुए लाल निशान दिखे।
निशान देखने के बाद स्वजन तत्काल बच्चे को लेकर सीतापुर पहुंचे। वहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। स्वजन का कहना है कि इतनी कम उम्र के बच्चे के साथ इस तरह की पिटाई नहीं की जानी चाहिए। इससे बच्चा शारीरिक रूप से ही नहीं, मानसिक रूप से भी डरा हुआ है।
पिता ने शिकायत में स्कूल प्रबंधन पर पिटाई के बाद धमकाने का भी आरोप लगाया है। आवेदन के अनुसार जब स्वजन ने इस घटना पर सवाल उठाया तो प्रबंधन की ओर से कथित तौर पर खुद को कांग्रेस नेता बताते हुए थाने न जाने की हिदायत दी गई। साथ ही देख लेने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।पिता का कहना है कि शिकायत के बाद भी उन्हें न्याय की उम्मीद है और वे चाहते हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच हो।
स्कूल की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
शिकायत में विद्यालय के संचालन को लेकर भी कई आरोप लगाए गए हैं। पिता का आरोप है कि नियमों को दरकिनार कर एक निजी मकान में स्कूल का संचालन किया जा रहा है।
शिकायत के अनुसार स्कूल में बच्चों के लिए शौचालय की व्यवस्था नहीं है और न ही खेल का मैदान है। पिता का आरोप है कि शिक्षा के नाम पर केवल व्यवसाय चलाया जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि बिना बुनियादी सुविधाओं के संचालित हो रहे इस विद्यालय की जांच की जाए।
स्वजन का कहना है कि भविष्य में किसी अन्य बच्चे को इस तरह की यातना न झेलनी पड़े, इसलिए दोषी स्कूल संचालक पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
बीईओ बोले – शिकायत मिलते ही होगी जांच
इस संबंध में विकासखंड शिक्षा अधिकारी संतोष सिंह ने बताया कि इस मामले की जानकारी उन तक नहीं पहुंची है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलते ही मामले की जांच कराई जाएगी और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।पुलिस चौकी में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को जांच में लिया है।
