*कोयला चोरी रोकने 120 CISF जवान तैनात*

3

अंबिकापुर : (सियासत दर्पण न्यूज़) कोयला खदानों से कोयले की चोरी और करोड़ों रुपये की मशीनरी के कीमती कलपुर्जों को पार करने वाले गिरोहों पर अब शिकंजा कसने की तैयारी है। एसईसीएल के बिश्रामपुर व बैकुंठपुर कोयलांचल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सीआइएसएफ के 120 सशस्त्र जवानों की तैनाती शुरू हो गई है।

कुमदा कालोनी में इनके ठहरने के लिए कैंप की व्यवस्था सुदृढ़ किए जाने के बाद पूरी टुकड़ी बिश्रामपुर पहुंच चुकी है। इनमें से 40 जवानों को एसईसीएल के बैकुंठपुर क्षेत्र के लिए रवाना कर दिया गया है, जबकि शेष 80 जवान बिश्रामपुर क्षेत्र की संवेदनशील कोयला खदानों और महत्वपूर्ण कार्यस्थलों पर मोर्चा संभालेंगे। अतिरिक्त सशस्त्र बल की तैनाती से लंबे समय से सुरक्षा के लिए चुनौती बनी कोयला चोरी, केबल कटिंग और मशीनरी के बेशकीमती कलपुर्जों की चोरी पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद बढ़ गई है।

एसईसीएल के बिश्रामपुर और बैकुंठपुर क्षेत्र के कोयलांचल में कोयला चोरी के साथ खदानों में उपयोग होने वाली भारी मशीनों के कीमती कलपुर्जों, विद्युत उपकरणों और तांबे के केबल की चोरी प्रबंधन के लिए लंबे समय से बड़ी चुनौती बनी हुई है। इन घटनाओं से कंपनी को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

बिश्रामपुर क्षेत्र की खदानों और कार्यस्थलों में पहले से त्रिपुरा स्टेट राइफल्स (टीएसआर) के जवान सुरक्षा में तैनात हैं, लेकिन इसके बावजूद चोरी की घटनाओं पर अपेक्षित अंकुश नहीं लग पाने के कारण अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की योजना बनाई गई थी। इसी कड़ी में एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर स्तर पर छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल (सीएसआइएसएफ) के साथ अनुबंध कर 120 सशस्त्र जवान उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई।

गौरतलब है कि 15 नवंबर को सुरक्षा बल के 100 जवान बिश्रामपुर पहुंचे थे, लेकिन कुमदा कॉलोनी में उनके ठहरने के लिए उपलब्ध कराई गई व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने के कारण 16 नवंबर की सुबह पूरी टुकड़ी वापस लौट गई थी। इसके बाद एसईसीएल प्रबंधन ने कैंप की व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में आवश्यक इंतजाम किए। अब 120 जवानों के पहुंचने के साथ ही सुरक्षा बल की तैनाती की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। जवानों को क्षेत्र की जरूरत और संवेदनशीलता के आधार पर अलग-अलग कार्यस्थलों पर तैनात किया जा रहा है।

टीएसआर और नए सुरक्षा बल की संयुक्त तैनाती से घेराबंदी

एसईसीएल के क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी एसएस रात्रे ने जवानों की आमद और तैनाती की पुष्टि करते हुए बताया कि 120 जवान बिश्रामपुर पहुंच चुके हैं। इनमें से 40 जवानों को बैकुंठपुर क्षेत्र भेजा गया है, जबकि 80 जवान बिश्रामपुर क्षेत्र के संवेदनशील कार्यस्थलों और कोयला खदानों में तैनात किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि नए सुरक्षा बल के जवानों के साथ पूर्व से अनुबंधित त्रिपुरा स्टेट राइफल्स के जवानों की भी ड्यूटी लगाई जा रही है। दोनों सुरक्षा बलों की तैनाती के माध्यम से कोयला चोरी और कीमती कलपुर्जों की चोरी की घटनाओं पर पूर्णतः अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

करोड़ों की संपत्ति की सुरक्षा की बढ़ी उम्मीद

कोयला खदानों में चोरी की घटनाओं के कारण उत्पादन व्यवस्था और कंपनी की संपत्ति दोनों प्रभावित होती हैं। ऐसे में अतिरिक्त सशस्त्र जवानों की तैनाती को सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब चुनौती केवल जवानों की तैनाती तक सीमित नहीं, बल्कि संवेदनशील स्थलों पर नियमित निगरानी, प्रभावी गश्त और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोहों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने की होगी। यदि सुरक्षा बलों की तैनाती योजनाबद्ध तरीके से प्रभावी साबित होती है तो बिश्रामपुर और बैकुंठपुर कोयलांचल में लंबे समय से जारी चोरी की समस्या पर काफी हद तक लगाम लग सकती है।

3

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page