Home / National / *परोपकार के मूल्यों से राष्ट्र को प्रेरित करता है गुजरात : शाह*

*परोपकार के मूल्यों से राष्ट्र को प्रेरित करता है गुजरात : शाह*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

अहमदाबाद । (सियासत दर्पण न्यूज़) केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को यहां कहा कि गुजरात लोकसेवा ट्रस्ट जैसे संगठन कल्याणकारी राज्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और राज्य अपनी सेवा और परोपकार के मूल्यों से राष्ट्र को प्रेरित करता रहता है।” श्री शाह ने गुजरात लोकसेवा ट्रस्ट के 34 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज मनाए गए लोकसेवा के उत्सव पर कहा, “गुजरात लोकसेवा ट्रस्ट अपने 35वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है, मैं ट्रस्टियों को उनके नेक और निस्वार्थ प्रयासों के लिए हार्दिक बधाई देता हूँ। मैं आज इस संगठन द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की सराहना करता हूं। जैसा कि स्वामी विवेकानंद ने कहा था, सच्चा ज्ञान दूसरों की सेवा करने के लिए खुद से ऊपर उठने में निहित है। यह ट्रस्ट सेवा और करुणा की इसी भावना का उमदा उदाहरण है।” उन्होंने इस अवसर पर भारतीय संविधान का मसौदा तैयार करने वाली समिति द्वारा परिकल्पित जन कल्याण के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को भी दोहराया और कहा कि वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से सरकार ने नागरिकों को आवास, भोजन, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएँ सुनिश्चित करने के लिए कई पहल की हैं। उन्होंने कहा,‘‘इन पहलों ने पिछले दस वर्षों में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। हालांकि, मेरा दृढ़ विश्वास है कि सरकार अकेले यह लक्ष्य हासिल नहीं कर सकती। कई ट्रस्टों और व्यक्तियों ने इसे साकार करने में योगदान दिया है।”
केंद्रीय गृह मंत्री ने सेवा के प्रति गुजरात के गहरे मूल्यों की भी सराहना की तथा प्रति व्यक्ति रक्तदान, धर्मार्थ स्वास्थ्य सुविधाओं तथा अंग एवं नेत्रदान में गुजरात के नेतृत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा,“गुजरात अपनी सेवा और परोपकार के मूल्यों से राष्ट्र को प्रेरित करता रहता है। गुजरात लोकसेवा ट्रस्ट जैसे संगठन कल्याणकारी राज्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।” गुजरात लोकसेवा ट्रस्ट के ट्रस्टी रोहन गुप्ता ने कहा,“34 वर्षों की यह यात्रा करुणा और सेवा की शक्ति को दर्शाती है। हम हर साल 20-25 हज़ार लाभार्थियों की पहचान करते हैं और उनकी सहायता करते हैं। पिछले दो वर्षों में, हमने दो लाख से ज़्यादा लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में मदद की है। अपने 35वें वर्ष में कदम रखते हुए, हम वृद्ध, विद्यार्थी, विकलांग, विधवा और वंचित लोगों के उत्थान के लिए अपने प्रयासों को जारी रखने और एक सार्थक बदलाव लाने के लिए और भी अधिक दृढ़ संकल्पित हैं।” उन्होंने कहा कि राजकुमार गुप्ता और सुरेखा गुप्ता द्वारा वर्ष 1990 में स्थापित गुजरात लोकसेवा ट्रस्ट जरूरतमंदों को सहायता प्रदान करने की दिशा में निस्वार्थ भाव से काम कर रहा है। ट्रस्ट ने छात्रवृत्ति, दिव्यांगों को ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर और अन्य उपकरण प्रदान करने, मुफ्त चिकित्सा जांच शिविर आयोजित करने, चिकित्सा सहायता प्रदान करने और अन्य माध्यमों से पांच लाख से अधिक लोगों की मदद की है। इसके अलावा, यह ट्रस्ट सरकार और लाभार्थियों के बीच एक सेतु का काम करते हुए वंचित समुदायों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने में मदद करता है। सोशल मीडिया और अन्य चैनलों का लाभ उठाकर ट्रस्ट ने अपनी सेवाओं के ज़रिए लाखों लोगों तक अपनी पहुँच बनाई है। इस पहल ने अन्य लोगों को भी ट्रस्ट से जुड़ने और इसके नेक कामों में सहयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया है।
ट्रस्ट अपने 35वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है, तभी इसने बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा प्रदान करने के लिए एक परिसर, जरूरतमंदों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने वाला एक अस्पताल, बुजुर्गों के लिए एक वृद्धाश्रम, एक अनाथालय और वंचितों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वरोजगार हेतु एक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने का संकल्प लिया है। यह ट्रस्ट न केवल मानवता की सेवा का प्रतीक है, बल्कि वंचितों के लिए आशा की किरण भी है। रोहन गुप्ता और अर्पण गुप्ता के कुशल नेतृत्व में, ट्रस्ट अपनी गतिविधियों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। गुजरात लोकसेवा ट्रस्ट ने अपने 34 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज लोकसेवा का उत्सव मनाया और 35वें वर्ष में त्याग, सेवा और करुणा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस महत्वपूर्ण अवसर को चिह्नित करने के लिए, गुजरात लोकसेवा ट्रस्ट ने अपनी नई पहल, “वडिल दत्तक योजना” का अनावरण किया। इसका उद्देश्य वृद्धाश्रमों की पहचान करना और वरिष्ठ नागरिकों को व्यक्तिगत सहायता प्रदान करना, उनके सुनहरे वर्षों में सम्मान और आराम सुनिश्चित करना और सशक्तिकरण और समावेशन के लिए ट्रस्ट की प्रतिबद्धता को रेखांकित करना है। समारोह के भागरूप, ट्रस्ट ने अहमदाबाद से दिव्यांग व्यक्तियों, विधवाओं और एथलीटों सहित 300 से अधिक लाभार्थियों को आमंत्रित किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने यहां का दौरा कर लाभार्थियों से बातचीत की और उन्हें ट्राइसाइकिल, सिलाई मशीन और खेल किट सौंपी। अहमदाबाद की मेयर प्रतिभा जैन भी इस अवसर पर उपस्थित रहीं।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page