Home / National / *अटल जी की विचारधारा देश के लिए प्रेरणा स्रोत : राजनाथ*

*अटल जी की विचारधारा देश के लिए प्रेरणा स्रोत : राजनाथ*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

लखनऊ ।(सियासत दर्पण न्यूज़)  रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि ‘भारत रत्न’ एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन और विचारधारा पूरे देश के लिये आज भी प्रेरणा का श्रोत है।  श्री वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित ‘अटल युवा महाकुंभ’ के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा “ अटल जी का जीवन और विचारधारा आज भी प्रेरणा के स्रोत हैं। उनका व्यक्तित्व इतना विराट था कि उनकी कार्यशैली और निर्णयों की पूरी दुनिया कायल थी।” लखनऊ के सांसद ने कहा “ लखनऊ अटल जी के दिल में बसता था और यहां के लोग उन्हें उतनी ही गहराई से जानते और समझते थे।” पूर्व प्रधानमंत्री के जीवन से जुड़े प्रसंगों और उनकी हाजिरजवाबी एवं सहजता का जिक्र करते हुये उन्होंने कहा “ पाकिस्तान दौरे के दौरान एक महिला पत्रकार ने जब उनसे कहा कि मैं आपसे शादी करना चाहती हूं, बशर्ते आप मुझे मुंह दिखाई में कश्मीर दें, तो अटल जी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, ‘मैं तैयार हूं, अगर आप दहेज में पूरा पाकिस्तान दें। इस जवाब ने उनकी चतुराई और सहजता को पूरी दुनिया के सामने प्रस्तुत किया” रक्षा मंत्री ने श्री वाजपेयी के साथ अपने व्यक्तिगत अनुभवों को साझा करते हुए कहा, “ मुझे उनके साथ एक अभिभावक का स्नेह और मंत्रिमंडल में सहकर्मी के रूप में काम करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उनकी सरकार जब एक वोट से गिरी, तब उनके ऐतिहासिक भाषण ने लोकतंत्र और देशप्रेम की नई परिभाषा गढ़ी। उन्होंने कहा था, ‘ सरकारें आएंगी-जाएंगी, पार्टियां बनेंगी-बिगड़ेंगी, लेकिन यह देश और इसका लोकतंत्र अमर रहना चाहिए।’ यह उनकी दूरदर्शिता और सिद्धांतवाद का प्रमाण था।” कार्यक्रम में बच्चों द्वारा अटल के जीवन पर प्रस्तुत की गई झांकियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रक्षा मंत्री ने भरपूर सराहना की। उन्होंने इसे नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि अटल जी के विचार और योगदान आज भी युवाओं के लिए पथ प्रदर्शक हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश विकास के हर पैमाने पर देश के अन्य राज्यों से आगे खड़ा है। श्री योगी के कुशल नेतृत्व और अथक प्रयासों ने यूपी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। यह प्रदेश अटल जी के सपनों का साकार रूप बनता जा रहा है।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page