Home / खेल / *ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 184 रनों से हराकर सीरीज में 2-1 से अपराजेय बनाई बढ़त*

*ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 184 रनों से हराकर सीरीज में 2-1 से अपराजेय बनाई बढ़त*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

मेलबर्न । (सियासत दर्पण न्यूज़) कप्तान पैट कमिंस और स्कॉट बोलैंड (तीन-तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने भारत को चौथे टेस्ट मैच के आखिरी दिन सोमवार को 184 रनों से हराकर पांच मैचों की श्रृंखला में 2-1 से अपराजेय बढ़त बना ली। भारत चायकाल तक तीन विकेट पर 112 रन बनाकर अच्छी स्थिति में था। यशस्वी जायसवाल और ऋषभ पंत की जोड़ी एक बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही थी तभी 59वें ओवर में ट्रेविस हैड ने पंत को मार्श के हाथों कैच आउट करा भारत को चौथा झटका दे दिया। पंत ने 30 रन बनाए। इसके बाद विकेटों की झड़ी लग गयी। 63वें ओवर में रविन्द्र जडेजा (दो) को बोलैंड ने कैरी के हाथों कैच आउट करा ऑस्ट्रेलिया को पांचवी सफलता दिलाई। सातवें विकेट के रुप में यशस्वी जायसवाल (84) के आउट होने के बाद मैच भारत के हाथों पूरी तरह से निकल चुका था। भारत की ओर से मात्र दो बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (84) और ऋषभ पंत (30) दहाई संख्या में पहुंच सके जबकि 12 रन अतिरिक्त मिले। कप्तान रोहित शर्मा (नौ) और केएल राहुल (शून्य) एवं विराट कोहली 05 रन बनाकर आउट हुए। पहली पारी में शतक बनाने वाले नीतीश रेड्डी दूसरी पारी में मात्र एक रन बना पाए। अन्य बल्लेबाजों में रविन्द्र जडेजा (दो) आकाश दीप (सात) कप्तान जसप्रीत बुमराह (शून्य) मोहम्मद सिराज (शून्य) पर आउट हुए वहीं वाशिंगटन सुंदर (पांच) रनों पर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी आक्रमण के आगे भारतीय टीम 79.1 ओवर में 155 रनों पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया ने 12 साल बाद भारत से बॉक्सिंग डे टेस्ट जीता है। इस जीत से ऑस्ट्रेलिया की डब्ल्यूटीसी फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें बढ़ गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से कप्तान पैट कमिंस, स्कॉट बोलैंड ने तीन-तीन, नेथन लायन ने दो, मिचेल स्टार्क, ट्रेविस हैड ने एक-एक विकेट लिया। पहली पारी में 49 रन एवं तीन विकेट तथा दूसरी पारी में तीन विकेटों के साथ 41 रनों का योगदान देने वाले पैट कमिंस को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ से नवाजा गया। इससे पहले आज सुबह के सत्र में दूसरे ही ओवर में जसप्रीत बुमराह ने नेथन लायन (41) को आउट कर ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी का समापन कर दिया। ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 234 रन पर सिमट गई। भारत की ओर जसप्रीत बुमराह ने पांच विकेट लिये। मोहम्मद सिराज को तीन विकेट मिले। रवींद्र जडेजा ने एक बल्लेबाज को आउट किया। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 474 रन बनाये थे। उसके बाद नीतीश कुमार रेड्डी की शतकीय पारी की बदौलत भारत ने पहली पारी में 369 रन बनाये और इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 234 रन पर समेट दिया था।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page