Home / राजधानी / *रायपुर में हुक्का कारोबारी के घर पर क्राइम ब्रांच का छापा, लाखों का नशे का सामान जब्त*

*रायपुर में हुक्का कारोबारी के घर पर क्राइम ब्रांच का छापा, लाखों का नशे का सामान जब्त*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

रायपुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) राजीव नगर क्षेत्र में मंगलवार को क्राइम ब्रांच और खम्हारडीह थाना की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। टीम ने हुक्का का कारोबार करने वाले अशोक मंधानी के घर पर छापा मारकर लाखों रुपये का नशे का सामान जब्त किया है। इस कार्रवाई में लगभग 50 से 75 लाख रुपये की कीमत का हुक्के का सामान बरामद किया गया। आरोपित अशोक ने अपने घर के विभिन्न कमरों में रैक बनाकर हुक्का, फ्लेवर, चारकोल और तंबाकू के सैकड़ों पैकेट छिपाकर रखे थे। अशोक मंधानी पर पहले भी कार्रवाई हो चुकी है। आरोपित इससे पहले भी दो बार हुक्का तस्करी के मामलों में पकड़ा जा चुका है, जिसमें इसके पास से एक ट्रक हुक्का, फ्लेवर, चारकोल और तंबाकू जैसे पदार्थ बरामद हुए थे। बावजूद इसके उसने फिर से इस अवैध कारोबार को जारी रखा था। गौरतलब है कि प्रदेश में हुक्का का निर्माण, विक्रय, सेवन और स्टाक करना पूरी तरह से प्रतिबंधित है। फिर भी नियमों का उल्लंघन कर अवैध तरीके से हुक्का का कारोबार किया जा रहा है। इसकी लत युवाओं के भविष्य को बर्बादी की तरफ ले जा रही है। आरोपित प्रदेशभर में हुक्का का कारोबार करता रहा है। उस पर अवैध तरीके से हुक्का की आपूर्ति के आरोप हैं। आरोपित का नेटवर्क न केवल बड़े शहरों तक सीमित है, बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी फैला हुआ है। वह हुक्का के पाइप, फ्लेवर, चारकोल, और तंबाकू प्रदेशभर में सप्लाई करता था। यह नेटवर्क बनाकर हुक्का का अवैध व्यापार कर रहा था। आरोपित सीधे ग्राहकों के घरों तक हुक्का पहुंचाता था। इसके लिए ऑनलाइन प्लेटफार्मों का सहारा भी लिया जाता है। आरोपित के हुक्का कारोबारी ग्राहकों से संपर्क करके उनके घरों में होम डिलीवरी किया करते हैं। पहले पकड़े जाने के दौरान इन बातों का खुलासा हुआ था। अब एक बार फिर आरोपित पुलिस की गिरफ्त में आया है।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page