Home / छत्तीसगढ़ / *गणपति विसर्जन की शोभा यात्रा में हादसा, 3 की मौके पर मौत और 20 घायल*

*गणपति विसर्जन की शोभा यात्रा में हादसा, 3 की मौके पर मौत और 20 घायल*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

जशपुरनगर। (सियासत दर्पण न्यूज़) भगवान श्री गणेश की प्रतिमा विसर्जन के लिए निकली शोभा यात्रा में एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस गई। वाहन की चपेट में आ जाने से एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि उस भयानक हादसे में 20 लोग घायल हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, घटना जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के जरूडाड गांव की है। चराईडांड बगीचा स्टेट हाईवे पर मंगलवार की रात लगभग साढ़े 10 बजे भगवान गणपति की प्रतिमा विसर्जन के लिए शोभा यात्रा निकली थी। इस शोभा यात्रा में डेढ़ सौ ग्रामीण शामिल थे। डीजे की धुन पर नाचते-गाते जा रहे थे। इसी दौरान रायकेरा की ओर से आ रही बोलेरो क्रमांक सीजी 15 सीआर 1429 अनियंत्रित होकर शोभा यात्रा में घुस गई।

दुर्घटना में वाहन की चपेट में आने से अरविंद करकेट्टा 19 वर्ष, विपिन प्रजापति 17 वर्ष और खिरोवती यादव 32 वर्ष की घटनास्थल पर ही मौत हो गईं। दुर्घटना में 20 लोग घायल हुए है। इन्हें उपचार के लिए बगीचा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी शशि मोहन बगीचा पहुंचे और घायलों के उपचार की जानकारी ली। घटना के बाद भीड़ ने वाहन चालक सुख सागर यादव को पकड़ कर उसकी जम कर पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया है। उसे भी इलाज के लिए भर्ती किया गया है।

दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए 18 ग्रामीणों को उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है। इनमें वाहन चालक सुख सागर भी शामिल है। घटना के बाद भीड़ द्वारा की गईं पिटाई में सुख सागर को गंभीर चोटें आई हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच मृतकों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। गांव में स्थिति अभी तक सामान्य बनी हुई है।

बगीचा के जुरुडांड में हुए दुर्घटना में मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। साथ ही सीएम ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख की सहायता और घायलों को 50-50 हजार रुपये आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर दुर्घटना पर संवेदना जतायी है।

वर्ष 2021 में जिले के पत्थलगांव में ऐसी ही एक भीषण दुर्घटना हुई थी। 15 अक्टूबर को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शोभा यात्रा में गांजा से भरी एक चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस गईं थी। इस घटना में एक श्रद्धालु की मौत हो गईं थी और दर्जन भर घायल हो गए थे।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page