Home / राजधानी / *रायपुर में कर वसूली की घड़ी, बकाया राशि नहीं चुकाई तो होगी कार्रवाई*

*रायपुर में कर वसूली की घड़ी, बकाया राशि नहीं चुकाई तो होगी कार्रवाई*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

रायपुर: (सियासत दर्पण न्यूज़) रायपुर नगर निगम ने वित्तीय वर्ष के अंतिम चरण में राजस्व वसूली को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि 31 मार्च तक संपत्तिकर जमा नहीं करने वाले बकायादारों की संपत्तियां कुर्क कर सीलबंद की जाएंगी। इसके साथ ही बकाया राशि पर 17 प्रतिशत अधिभार भी लगाया जाएगा।
विकास कार्यों के लिए जरूरी राजस्व

निगम अधिकारियों के अनुसार शहर के विकास कार्यों के लिए पर्याप्त राजस्व जरूरी है, लेकिन कई बकायादार वर्षों से कर का भुगतान नहीं कर रहे हैं। ऐसे मामलों में अब किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

छुट्टियों में भी खुले रहेंगे काउंटर

नागरिकों को अंतिम अवसर देते हुए निगम ने 29 मार्च (शनिवार) और 31 मार्च (महावीर जयंती) को भी सभी 10 जोन कार्यालयों के राजस्व काउंटर खुले रखने का निर्णय लिया है। अधिकारियों का कहना है कि अब अवकाश का बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ऑनलाइन भुगतान की सुविधा

निगम ने डिजिटल भुगतान को भी बढ़ावा दिया है। नागरिक ‘मोर रायपुर’ एप और निगम की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से घर बैठे संपत्तिकर जमा कर सकते हैं। इससे लंबी कतारों से बचते हुए आसानी से भुगतान किया जा सकता है।
करोड़ों के बकायादारों पर नजर

निगम की सूची में कई बड़े सरकारी और निजी संस्थान शामिल हैं, जिन पर करोड़ों रुपये बकाया है। इनमें बीएसएनएल (फाफाडीह चौक) पर 2,03,77,100 रुपये, छत्तीसगढ़ विद्युत मंडल (कमल विहार) पर 1,56,22,203 रुपये, पुरेना स्थित विद्युत मंडल पर 1,54,26,085 रुपये, स्टेट पावर सप्लाई कंपनी (डीडीयू नगर) पर 1,11,89,068 रुपये, राजीव जैन पर 1,05,38,942 रुपये और गृह निर्माण मंडल पर 1,01,32,517 रुपये बकाया है।
जोन-वार टारगेट से बढ़ा दबाव

राजस्व वसूली को तेज करने के लिए निगम ने जोन-वार लक्ष्य निर्धारित किए हैं।
जोन-आठ, नौ और 10 को 10-10 करोड़ रुपये का लक्ष्य दिया गया है।
जोन-एक और चार को पांच-पांच करोड़ रुपये वसूली का लक्ष्य मिला है।

कॉल और मैसेज से सीधा संपर्क

जोन कार्यालयों द्वारा विशेष अभियान चलाकर बकायादारों को फोन कॉल और मैसेज के जरिए लगातार सूचित किया जा रहा है। उन्हें स्पष्ट बताया जा रहा है कि समय पर भुगतान नहीं करने पर नगर पालिक निगम अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

राजस्व का भुगतान सभी को प्राथमिकता के साथ करना चाहिए। संपत्तिकर दाताओं से अपील है कि सभी 31 मार्च से पहले अपने-अपने कर का भुगतान करें और अतिरिक्त अधिभार से बचें। क्योंकि 31 मार्च के बाद नियमानुसार कड़ी कार्रवाईयां भी की जाएंगी।

विश्वदीप, आयुक्त, नगर निगम, रायपुर

 

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page