*धमतरी में फिल्मी स्टाइल पिटाई: राजस्थान के दो युवक बुरी तरह जख्मी*

3

धमतरी।(सियासत दर्पण न्यूज़)  पेशी में अपनी उपस्थिति देकर न्यायालय से लौटे राजस्थान के दो युवकों की शहर के मुख्य मार्ग पर रॉड व चैन से छह से सात युवकों ने फिल्मी स्टाइल में जमकर पिटाई की। हमले में दोनों युवक खून से लथपथ हो गए। सड़क किनारे दुकानों में घुसकर युवकों ने किसी तरह अपनी जान बचाई।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, तो आरोपित युवक घटना स्थल से भाग निकले। घायलों को एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी में भर्ती किया गया है, जहां उपचार जारी है।
घटना से शहरवासियों में दहशत

पुलिस हमलावरों को ढूंढ रही है। इस घटना से शहरवासियों में दहशत है और कह रहे हैं कि धमतरी शहर सुरक्षित नहीं है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भिलवाड़ा राजस्थान निवासी अशोक शर्मा (29 वर्ष) और जीवन लाल गुर्जर (31 वर्ष) दोनों को वर्ष 2024 में गांजा तस्करी के मामले में पकड़ा गया था और केस धमतरी न्यायालय में चल रहा है।

दोनों की धमतरी न्यायालय में पेशी थी

जमानत के बाद 15 अप्रैल को दोनों की धमतरी न्यायालय में पेशी थी। इसमें शामिल होकर दोनों न्यायालय से लौटने के बाद शहर के रत्नाबांधा पीडी नाला के पास दोपहर में कपड़ा खरीद रहे थे, तभी छह से सात युवक अचानक हाथों में रॉड व चैन लेकर आ धमके और दोनों युवकों पर रॉड व चैन से धड़ाधड़ हमला शुरू कर दिया।
दुकानों में घुसकर किसी तरह जान बचाई

देखते ही देखते दोनों युवक खून से लथपथ हो गए। इस घटना को देखने के बाद आसपास के दुकान व राह चलते लोगों में दहशत फैल गई। खून से लथपथ युवकों ने आसपास के दुकानों में घुसकर किसी तरह अपनी जान बचाई। कुछ लोगों ने मारपीट व हमला की जानकारी पुलिस में दी, तो मौके पर पुलिस पहुंची।

3

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page