*रायपुर में युवक पर हमला, पंच-कड़े-चाकू से घायल*

3

रायपुर ।(सियासत दर्पण न्यूज़) रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर पंच, कड़े और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में युवक के सिर, माथे और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार, दोंदेखुर्द निवासी अरशद किसी काम से काशीराम नगर आया था। उसका काशीराम नगर निवासी बलजीत और उसके साथियों से पहले से विवाद चल रहा था। इसी पुराने विवाद के चलते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

पीड़ित अरशद ने बताया कि, विवाद के दौरान आरोपी बलजीत, बॉबी, लक्की चंद्राकर और अन्य साथियों ने मिलकर अरशद पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। आरोपियों ने पंच, कड़े और चाकू से वार किए, जिससे अरशद गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को ममता हॉस्पिटल भिजवाया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश में टीम जुटा दी गई है।

इधर, पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर मामूली कार्रवाई का आरोप लगाया है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। थाना प्रभारी अजय झा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा।

3

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page