रायपुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) शादी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे कार सवार छह युवक सड़क हादसे का शिकार हो गए। चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो गंभीर रूप से घायलों का उपचार जारी है।
बीरगांव पार्षद इकराम ने बताया कि रविवार शाम करीब छह-सात बजे बीरगांव से पंडरिया जाते समय ब्रेक फेल होने से कार अनियंत्रित होकर पांडातराई गडईकला नदी के निकट ब्रिज के नीचे जा गिरी।
मृतकों में अरमान अली (20), मोहम्मद सैफ (19), अनस अली (21), कौनैन (19) शामिल हैं। वहीं गंभीर रूप से घायलों में जुनेद रजा (21) और आरजु खान (19) का उपचार जारी है।
शादी से लौट रहा परिवार हुआ दुर्घटना का शिकार
कुछ दिनों पहले छत्तीसगढ़ को महाराष्ट्र से जोड़ने वाले नेशनल हाईवे 930 पर एक परिवार सड़क हादसे का शिकार हो गया था। मानपुर ब्लॉक के खड़गांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कमानसुर के पास सोमवार को एक तेज रफ्तार आर्टिका कार अनियंत्रित होकर पलट गई थी। इस हादसे में कार सवार एक ही परिवार के 10 लोग घायल हो गए थे।








