Home / राजधानी / *शादी का झांसा देकर युवक का अपहरण, लाखों का सामान लूटा*

*शादी का झांसा देकर युवक का अपहरण, लाखों का सामान लूटा*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

रायपुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) राजधानी रायपुर में शादी समारोह में बुलाने के बहाने युवक को अगवा कर उससे लूटपाट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने युवक को पहले संतोषी नगर चौक बुलाया, फिर बाइक पर बैठाकर कमल विहार इलाके में ले गए। वहां युवक को डराकर उसके कीमती सामान और नकदी लूट ली गई। घटना के बाद आरोपियों ने युवक के मुंह में पट्टी बांध दी और उसे भाठागांव क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए।

मामले में मुजगहन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।

शादी समारोह का दिया झांसा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महासमुंद जिले के नयापारा वार्ड क्रमांक-5 निवासी राहुल नायक ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। राहुल ने बताया कि 5 जून को उसके मोबाइल पर एक कॉल आया था। कॉल करने वाले व्यक्ति ने कहा कि पंडरी इलाके में शादी समारोह आयोजित है और उसके जीजा के मोबाइल क्यूआर कोड पर 500 रुपये भेजे गए हैं।

कॉल के बाद राहुल 6 जून को रायपुर पहुंचा और अपनी बुआ के घर ठहरा। उसी शाम एक दूसरे मोबाइल नंबर से उसे फोन आया और संतोषी नगर चौक बुलाया गया।

बाइक पर बैठाकर कमल विहार ले गए

राहुल के अनुसार संतोषी नगर पहुंचने पर कुछ युवक वहां आए और उसे एनएस बाइक पर बैठाकर कमल विहार शराब भट्टी के पास ले गए। वहां पहुंचते ही आरोपियों ने उसे डराना-धमकाना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज भी की गई।

पीड़ित ने शिकायत में बताया कि बदमाशों ने उससे एक ऑक्टोपैड, एक आईफोन, एक रेडमी मोबाइल और एक हजार रुपये नकद छीन लिए। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 67 हजार रुपये बताई गई है।

मुंह बांधकर भाठागांव में छोड़ा

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने राहुल के मुंह में पट्टी बांध दी। इसके बाद उसे बाइक पर बैठाकर भाठागांव इलाके में छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए।

घटना के करीब एक सप्ताह बाद राहुल ने मुजगहन थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309 के तहत शून्य प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस जुटी जांच में

पुलिस अब मोबाइल कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक को कॉल करने वाले लोग पहले से परिचित थे या सुनियोजित तरीके से उसे जाल में फंसाया गया।

मुजगहन थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page