रायपुर । (सियासत दर्पण न्यूज़) खनिजों के परिवहन के विरूद्ध कोरिया जिले में जारी जांच पड़ताल एवं कार्रवाई के दौरान खनिज विभाग ने मिनी हाईवा सहित कुल 9 वाहनों को जब्त किया है। बैकुंठपुर और पटना क्षेत्र में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान इन वाहनों को बिना वैध अनुमति रेत और ईंट का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। जब्त वाहनों को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए संबंधित थाना बैकुंठपुर और पटना की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।
जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि सभी वाहन मालिकों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 की धारा 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जांच पड़ताल का अभियान चलाया जा रहा है।






