Home / छत्तीसगढ़ / *कोरबा में मौत का नाला, बाइक समेत बहा युवक*

*कोरबा में मौत का नाला, बाइक समेत बहा युवक*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

कोरबा: (सियासत दर्पण न्यूज़) जिले में लगातार हो रही वर्षा से नदी-नाले और पुल-पुलिया उफान पर हैं। कई ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित है। ऐसे ही हालात के बीच वनांचल लेमरू थाना क्षेत्र में उफनते सांचर नाला को पार करने का प्रयास एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। ग्राम नकिया निवासी राहुल कुमार मंझवार 28 वर्ष तेज बहाव में बाइक समेत बह गया। करीब 12 घंटे की तलाश के बाद बुधवार की सुबह उसका शव घटनास्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर झाड़ियों में फंसा मिला।

वहीं, उसके साथ बाइक पर सवार बुधराम मंझवार तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आया। बताया जा रहा है कि मंगलवार को राहुल और बुधराम घरेलू काम से कोरबा आए थे। शाम को दोनों बाइक से गांव लौट रहे थे। गांव से करीब तीन किलोमीटर पहले मार्ग में स्थित सांचर नाला उफान पर मिला। पानी सड़क के ऊपर से बह रहा था और बहाव भी काफी तेज था।

ग्रामीणों ने दोनों को रुकने और पानी उतरने का इंतजार करने की सलाह दी, लेकिन वे नाला पार करने निकल पड़े। नाले के बीच पहुंचते ही तेज बहाव ने बाइक का संतुलन बिगाड़ दिया और दोनों युवक पानी में बह गए। बुधराम ने तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि राहुल और बाइक तेज धार में लापता हो गए। सूचना मिलते ही लेमरू थाना पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव के कारण रात में तलाशी अभियान रोकना पड़ गया।

बुधवार सुबह पुलिस और ग्रामीणों ने दोबारा खोज अभियान शुरू किया। काफी तलाश के बाद राहुल का शव घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर झाड़ियों में फंसा मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लगातार हो रही वर्षा के बीच प्रशासन ने लोगों से उफनते नालों, पुलों और पुल-पुलियों को पार नहीं करने कहा है। अधिकारियों का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए पानी का बहाव कम होने तक सुरक्षित स्थान पर इंतजार करना ही सबसे बेहतर विकल्प है।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page