बिलासपुर:(सियासत दर्पण न्यूज़) चकरभाठा क्षेत्र के ग्राम कड़ार में सोमवार की रात दर्दनाक घटना सामने आई। घर में मां के साथ जमीन पर बिस्तर लगाकर सो रही सातवीं कक्षा की 12 वर्षीय छात्रा को जहरीले सांप ने डस लिया। घटना के बाद छात्रा ने तत्काल इसकी जानकारी अपनी मां और स्वजन को दी। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। स्वजन उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए सिम्स लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्राम कड़ार निवासी शनि कुमार सूर्यवंशी की 12 वर्षीय बेटी अनु कुमारी सातवीं कक्षा में पढ़ती थी। सोमवार की रात वह अपनी मां के साथ घर में जमीन पर बिस्तर लगाकर सो रही थी। इसी दौरान कहीं से सांप बिस्तर में आ गया और छात्रा को डस लिया। सांप के डसने का पता चलते ही छात्रा ने इसकी जानकारी अपनी मां को दी। स्वजन तत्काल उसे लेकर अस्पताल जाने की तैयारी में जुट गए। इसी बीच छात्रा की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी।
स्वजन उसे लेकर सिम्स पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने छात्रा की जांच की, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने के कारण उपचार शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। डाक्टरों ने जांच के बाद छात्रा को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना सिम्स प्रबंधन ने पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।





