Home / छत्तीसगढ़ / *शराब लूटने निकले चोर खुद फंसे, गतौरा भट्ठी की वारदात का खुलासा*

*शराब लूटने निकले चोर खुद फंसे, गतौरा भट्ठी की वारदात का खुलासा*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

बिलासपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़)  मस्तूरी क्षेत्र के गतौरा स्थित शासकीय कम्पोजिट शराब दुकान में सुरक्षाकर्मियों को चाकू दिखाकर लूट की कोशिश करने वाले तीन आरोपित को मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपित ने शराब दुकान के लॉकर को गैस कटर और ग्राइंडर से काटकर नकदी लूटने की योजना बनाई थी, लेकिन लाकर नहीं टूटने पर शराब की बोतलें और दो मोबाइल लेकर फरार हो गए थे।

घटना के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए सीसीटीवी का डीवीआर नदी में फेंक दिया था। आरोपित लूटी गई शराब को पीकर हंगामा कर रहे थे। इससे वे पुलिस की नजर में आ गए। पूछताछ में आरोपित ने अपना जुर्म कबूल लिया है। आरोपित को गिरफ्तार कर पुलिस की टीम पूछताछ कर रही है।

एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि तीन अगस्त की सुबह करीब 3:30 बजे चार नकाबपोश बदमाश गतौरा शराब दुकान पहुंचे। उन्होंने सुरक्षाकर्मी साहिल राय और हरकुंवर पंकज को चाकू दिखाकर धमकाया और दुकान की चाबी मांगी। चाबी नहीं मिलने पर आरोपित ने हरकुंवर पंकज के सिर, माथे और हाथ पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद दोनों सुरक्षाकर्मियों के हाथ-पैर बांध दिए और दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए।

आरोपित ने ग्राइंडर कटर मशीन और छेनी से लॉकर तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद दुकान में रखी शराब की बोतलें, दोनों सुरक्षाकर्मियों के मोबाइल फोन, सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर लेकर दोपहिया वाहनों से भाग निकले। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने अनिल ध्रुव उर्फ अन्ना (24), पिंटू निषाद (25) और सुशील निर्मलकर (24) को गिरफ्तार किया।

आरोपित की निशानदेही पर मोटरसाइकिल, स्कूटी, दो मोबाइल फोन, गैस कटर, ग्राइंडर मशीन, चाकू, छेनी समेत अन्य सामान जब्त किया गया है। मामले में एक आरोपित अब भी फरार है। वह पूर्व में सीएमएस इंफो सिस्टम कंपनी में काम करता था और सरकारी शराब दुकानों से नकदी कलेक्शन का कार्य करता था। पुलिस उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस की पूछताछ में पता चला कि आरोपित ने पहले मोपका शराब भट्ठी में लूट की कोशिश की थी, लेकिन वहां अधिक चहल-पहल होने के कारण योजना बदलकर गतौरा पहुंचे। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वे कर्ज में डूबे थे और रकम हासिल करने के लिए लूट की योजना बनाई थी।

पहले मोपका पहुंचे, भीड़ देख बदली लूट की जगह

आरोपित ने गतौरा शराब दुकान को अचानक निशाना नहीं बनाया था, बल्कि वारदात की पूरी योजना पहले से तैयार की थी। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि चारों आरोपित देवरीखुर्द से दोपहिया वाहनों पर सवार होकर निकले थे। उनके पास गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, रस्सी और चाकू समेत कई सामान थे। उनका मकसद शराब दुकान के लॉकर को काटकर उसमें रखी नकदी रकम लूटना था। योजना के तहत आरोपित पहले बूटा पारा-फरहदा के रास्ते मोपका स्थित शराब भट्ठी पहुंचे। वहां आसपास लोगों की अधिक आवाजाही और चहल-पहल देखकर उन्हें पकड़े जाने का डर हुआ। इसके बाद आरोपित ने वहां वारदात नहीं की और चिल्हाटी-फरहदा होते हुए गतौरा शराब दुकान पहुंच गए। वहां उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को चाकू दिखाकर काबू किया और उनके हाथ-पैर बांध दिए।

लाकर नहीं टूटा तो शराब और मोबाइल लेकर भागे

गतौरा शराब दुकान में घुसने के बाद आरोपियों ने सबसे पहले लाकर को निशाना बनाया। उनके पास गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन और छेनी जैसे औजार थे। आरोपियों ने इनकी मदद से लाकर काटकर नकदी निकालने की कोशिश की, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी लॉकर नहीं टूट सका। नकदी हाथ नहीं लगने से आरोपी खाली हाथ लौटना नहीं चाहते थे। इसके बाद उन्होंने दुकान के काउंटर में रखी शराब की कुछ बोतलें उठा लीं। साथ ही सुरक्षाकर्मियों के दो मोबाइल फोन भी लूट लिए। आरोपित ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और उसका डीवीआर भी निकाल लिया, ताकि वारदात का कोई वीडियो पुलिस के हाथ न लगे। बाद में डीवीआर नदी में फेंक दिया।

कर्ज में डूबे थे, इसलिए बनाई लूट की योजना

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित ने वारदात की वजह कर्ज बताया है। आरोपित के अनुसार वे कर्ज में डूबे हुए थे और उससे छुटकारा पाने के लिए बड़ी रकम हासिल करना चाहते थे। इसी उद्देश्य से उन्होंने शराब दुकानों में रखी नकदी लूटने की योजना बनाई। योजना को अंजाम देने के लिए आरोपित ने पहले से गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, रस्सी और धारदार चाकू की व्यवस्था की। चारों ने मिलकर पहले मोपका शराब दुकान को निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन वहां भीड़ देखकर पीछे हट गए। इसके बाद गतौरा शराब दुकान पहुंचे। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर मोटरसाइकिल, स्कूटी, दो मोबाइल फोन, गैस कटर, ग्राइंडर मशीन, छेनी और धारदार चाकू समेत अन्य सामान बरामद किया है।

चौथा आरोपित फरार, शराब दुकानों की जानकारी देने की आशंका

गतौरा शराब दुकान में लूट की कोशिश के मामले में पुलिस ने तीन आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन वारदात में शामिल एक आरोपित अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। फरार आरोपित की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार फरार आरोपित पूर्व में सीएमएस इंफो सिस्टम कंपनी में काम करता था। वह सरकारी शराब दुकानों से नकद राशि कलेक्शन करने का काम करता था। इसी वजह से उसे शराब दुकानों की व्यवस्था और नकदी से जुड़ी जानकारी होने की आशंका है। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। फरार आरोपित की गिरफ्तारी के बाद लूट की पूरी योजना और अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट होने की उम्मीद है।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page