Home / छत्तीसगढ़ / *नशे ने ली एक की जान, सदमे में दूसरे युवक ने खाया जहर*

*नशे ने ली एक की जान, सदमे में दूसरे युवक ने खाया जहर*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

अंबिकापुर :(सियासत दर्पण न्यूज़)  बलरामपुर जिले के थाना रामानुजगंज अंतर्गत ग्राम देवीगंज में नशे की लत से जुड़ी दो घटनाओं ने पूरे गांव को हिला कर रख दिया। शराब के लिए पैसे न मिलने से नाराज 20 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं उसकी मौत की खबर से करीब एक घंटे बाद उसके 19 वर्षीय दोस्त ने भी जहर खा लिया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम देवीगंज निवासी सूरज सिंह पिता बुधाई सिंह (20) पेशे से वाहन चालन का काम करता था और शराब का आदी था। बताया गया कि शराब पीने के बाद सूरज ने घरवालों से दोबारा शराब पीने के लिए पैसे मांगे। स्वजन ने उसे समझाइश देते हुए पैसे देने से मना कर दिया। इससे नाराज होकर सूरज ने घर में ही फांसी लगा ली।

घटना की सूचना पर रामानुजगंज पुलिस मौके पर पहुंची। मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में शव स्वजन को सौंप दिया गया।थाना प्रभारी अजय साहू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि युवक ने शराब पीने के बाद दोबारा पैसे मांगे थे। घरवालों द्वारा मना करने पर उसने यह कदम उठाया। मामले की जांच जारी है।

दोस्त ने भी खाया जहर, हालत नाजुक

सूरज की मौत की खबर से स्तब्ध उसके दोस्त पवन सिंह पिता हरि सिंह (19) ने करीब एक घंटे बाद जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर स्वजन ने उसे तत्काल जिला अस्पताल बलरामपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर कर दिया। वहां उसका उपचार चल रहा है और हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलने पर जिला पंचायत सभापति बद्री यादव भी देवीगंज पहुंचे और पीड़ित स्वजन से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि गांवों में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की लत बेहद चिंताजनक है। नशे के कारण युवा मानसिक, सामाजिक और पारिवारिक समस्याओं से जूझ रहे हैं और कई बार इसके गंभीर परिणाम सामने आते हैं।

उन्होंने परिवार, समाज और प्रशासन से युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाने और रोकथाम के प्रभावी प्रयास करने की अपील की।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page