महासमुंद।(सियासत दर्पण न्यूज़) गरीब और जरूरतमंद लोगों को कर्ज देकर उनसे हस्ताक्षरयुक्त खाली चेक, बैंक पासबुक और जमीन के दस्तावेज लेकर अवैध रूप से वसूली करने के मामले में बसना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस ने मामले के आरोपित कुलदीप सिंह छाबड़ा (53) को रायपुर के मोवा स्थित उसके निवास से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 160 हस्ताक्षरयुक्त ब्लैंक चेक, 48 ब्लैंक स्टांप पेपर, 27 एटीएम, डेबिट व क्रेडिट कार्ड, 24 बैंक पासबुक, जमीन और ऋण संबंधी नौ दस्तावेज, दो ब्याज के हिसाब वाली डायरियां तथा 1.20 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बहेराडीपा निवासी विनोद चौहान ने पुलिस अधीक्षक महासमुंद को शिकायत आवेदन देकर आरोप लगाया था कि आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा ने उसके छोटे भाई पितांबर चौहान को वाहन बनवाने की मजबूरी में 42 हजार रुपये उधार दिए थे।
इसके बदले आरोपी ने औपचारिकता के नाम पर दोनों भाइयों के हस्ताक्षरयुक्त खाली बैंक चेक, पासबुक और आधार कार्ड की प्रतियां अपने पास रख ली थीं।
आरोपी पर दबाव बनाने का आरोप
शिकायत के अनुसार, इसके बाद आरोपी घर पहुंचकर दबाव बनाने और धमकाने लगा। आरोप है कि उसने छोटे भाई के फोन-पे से आठ महीने में 40 हजार रुपये और सोना-चांदी बिकवाकर 25 हजार रुपये नकद सहित मूलधन से अधिक रकम वसूल ली।
इसके बावजूद आरोपी ने चेक वापस नहीं किए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी घर में घुसकर गाली-गलौज करता और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देता था। साथ ही चेकों में मनमानी रकम भरकर न्यायालयों में प्रकरण दर्ज कराने का भय दिखाता था।
मामले की जांच के बाद बसना थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 296 और 351(2) तथा छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम 1937 की धारा 4 के तहत अपराध दर्ज किया गया।
रायपुर के मकान में दी दबिश
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए 13 नवंबर को बसना पुलिस की टीम ने रायपुर के मोवा स्थित डॉल्फिन प्लाजा के फ्लैट क्रमांक ए-302 में दबिश दी। तलाशी के दौरान अलग-अलग लोगों के हस्ताक्षरयुक्त चेक, स्टांप पेपर, बैंक दस्तावेज, ब्याज के हिसाब की डायरियां और नकदी बरामद की गई।
पुलिस अब जब्त दस्तावेजों और बैंक खातों के आधार पर अन्य पीड़ितों तथा लेनदेन की जानकारी जुटा रही है। आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा निवासी वार्ड क्रमांक 10, बसना को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।






