रायपुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) शहर के बाहरी इलाकों में सड़कों की बदहाली अब लोगों की रोजमर्रा की परेशानी के साथ हादसों का खतरा भी बढ़ा रही है। बिरगांव के बंजारी के पास सड़क की हालत ऐसी हो गई है कि लोगों को गड्ढों से बचते हुए रास्ता तय करना पड़ रहा है।
जगह-जगह सड़क उखड़ चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढों ने आवाजाही मुश्किल कर दी है। दफ्तर जाने वाले कर्मचारी हों या स्कूल पहुंचने वाले बच्चे, हर किसी को इस बदहाल रास्ते से गुजरने के दौरान दुर्घटना का डर बना रहता है।
दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति ज्यादा खतरनाक है। गड्ढों से बचने के लिए अचानक वाहन मोड़ने पड़ते हैं, जिससे सामने से आने वाले वाहनों से टकराने का खतरा रहता है।
सड़क की बदहाली का असर सिर्फ यातायात पर नहीं, आसपास रहने वाले लोगों और कारोबारियों पर भी पड़ रहा है। सूखे मौसम में वाहनों के गुजरने से दिनभर धूल उड़ती है। दुकानों और घरों में धूल पहुंचने से लोगों को परेशानी हो रही है।
बारिश के दौरान यही सड़क कीचड़ और गंदे पानी से भर जाती है। पैदल चलने वालों को रास्ता पार करने में भी मुश्किल होती है। खराब सड़क के कारण वाहनों के टायर, सस्पेंशन और अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंच रहा है।
लोगों को मरम्मत पर अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा है। स्थानीय स्तर पर समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
गड्ढों से बचने में और बढ़ जाता है खतरा
बंजारी के पास सड़क पर बने गड्ढे वाहन चालकों के लिए सबसे बड़ी चुनौती हैं। कई जगह सड़क की ऊपरी परत पूरी तरह उखड़ चुकी है। वाहन चालकों को गड्ढों से बचने के लिए बार-बार दिशा बदलनी पड़ती है। इस दौरान पीछे और सामने से आने वाले वाहनों से टकराने की आशंका बनी रहती है।
रात में कम रोशनी के कारण गड्ढे समय पर दिखाई नहीं देते। ऐसे में दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत में देरी का खामियाजा रोजाना हजारों राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है।
धूल से दुकानदारी प्रभावित, बारिश में कीचड़
सड़क के आसपास दुकान चलाने वाले कारोबारियों के लिए भी स्थिति परेशानी भरी है। दिनभर उड़ती धूल के कारण दुकानों में बैठना मुश्किल हो रहा है। सामान पर धूल जमती है और ग्राहकों को भी परेशानी होती है। बारिश में सड़क पर पानी और कीचड़ जमा होने से आवाजाही प्रभावित होती है। इस तरह मौसम बदलने के साथ समस्या का स्वरूप बदल जाता है, लेकिन राहत नहीं मिलती।
“सड़क की समस्या किस क्षेत्र में है, इसकी जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों से जांच कराई जाएगी। लोगों को आवाजाही में हो रही परेशानी को देखते हुए सड़क को दुरुस्त कराने की दिशा में काम किया जाएगा।” शुभम किशोर उपाध्याय, आयुक्त, नगर निगम बिरगांव






