बिलासपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) मरवाही ब्लाक के सिलपहरी गांव में शुक्रवार सुबह खेत जा रहे युवक पर चार जंगली भालुओं ने हमला कर दिया। हमले में युवक कमलेश तंवर के सिर, पीठ और दाएं हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। घायल अवस्था में किसी तरह गांव पहुंचे कमलेश की मदद के लिए स्थानीय नागरिक नरेंद्र ठाकुर ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। एंबुलेंसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर प्राथमिक उपचार किया और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया।
अचानक सामने आ गए चार भालू
कमलेश तंवर ने बताया कि वह रोजाना की तरह सुबह करीब पांच बजे घर से खेत की ओर जा रहे थे। रास्ते में अचानक उनका सामना चार जंगली भालुओं से हो गया। वह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही एक भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके सिर, पीठ और दाएं हाथ पर गंभीर चोटें आईं। कमलेश किसी तरह खुद को बचाकर गांव की ओर भागे और वहां पहुंचे।
नरेंद्र ठाकुर ने दी 108 को सूचना
गांव पहुंचने पर कमलेश की हालत देखकर स्थानीय नागरिक नरेंद्र ठाकुर ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को फोन किया। सूचना मिलते ही ईएमटी कमलेश कुमार प्रजापति और पायलट भूपत सिंह एंबुलेंस लेकर सिलपहरी के लिए रवाना हुए।
एंबुलेंस में ही शुरू किया प्राथमिक उपचार
गांव पहुंचने के बाद एंबुलेंसकर्मियों ने घायल कमलेश की स्थिति देखी। ईएमटी कमलेश कुमार प्रजापति ने एंबुलेंस के अंदर ही प्राथमिक उपचार शुरू किया। तेजी से हो रहे रक्तस्राव को रोकने के लिए तत्काल जरूरी उपचार दिया गया। शुरुआती उपचार के बाद घायल को बिना देरी किए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। समय पर उपचार मिलने से कमलेश के खतरे से बाहर होने की बात कही जा रही है।
वन क्षेत्र से लगे गांवों में सुरक्षा का मुद्दा
घटना के बाद वन क्षेत्र से लगे गांवों में जंगली जानवरों की आवाजाही के बीच ग्रामीणों की सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर सामने आया है। ग्रामीणों से जंगल और आसपास के इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है।






