महासमुंद। (सियासत दर्पण न्यूज़) रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में युवाओं को उनके कौशल और योग्यता के अनुसार बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र महासमुंद ने 24 सितंबर 2026 को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया है।
रोजगार मेला महासमुंद के ग्राम बरोडाबाजार स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर के अंतर्गत लाइवलीहुड कॉलेज के द्वितीय तल पर आयोजित किया जाएगा। इस रोजगार मेले का समय प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। निर्धारित समय के भीतर योग्य उम्मीदवारों को साक्षात्कार प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए पहुंचना होगा। प्रशासनिक अधिकारियों ने युवाओं से अपील की है कि वे समय का विशेष ध्यान रखें ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
विभिन्न कंपनियों द्वारा 230 पदों पर होगी भर्ती
इस रोजगार मेले की सबसे खास बात यह है कि इसमें निजी क्षेत्र की कई कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। उपसंचालक रोजगार डॉ. शशिकला अतुलकर ने बताया कि स्वतंत्रा माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड, पुष्कल एग्रोटेक लिमिटेड, अलर्ट एसजीएस प्राइवेट लिमिटेड, रजत इक्विपमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड और श्रमिन टैलेंट प्राइवेट लिमिटेड जैसी कंपनियां मिलकर कुल 230 विभिन्न पदों पर भर्तियां करेंगी।
ये है पदों की योग्यता
इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यताएं लचीली रखी गई हैं ताकि अधिक से अधिक युवा इसका लाभ उठा सकें। इसके तहत 10वीं, 12वीं, बीएससी एग्रीकल्चर, विभिन्नस्नातक डिग्री धारी और आईटीआई उत्तीर्ण युवा अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकेंगे।
ऑनलाइन आवेदन और आवश्यक दस्तावेज
मेले में शामिल होने के इच्छुक आवेदकों को कुछ जरूरी दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। साक्षात्कार प्रक्रिया में भाग लेने के लिए उम्मीदवारों को छत्तीसगढ़ रोजगार एप या आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पहले ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य किया गया है।
ये दस्तावेज साथ रखें
इसके अलावा, मेले में आते समय अपनी शैक्षणिक योग्यता के मूल दस्तावेज, रोजगार पंजीयन कार्ड, आधार कार्ड, बायोडाटा की छायाप्रति और पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो अवश्य साथ रखें। रिक्तियों की संख्या और वेतनमान संबंधी अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।






