सरायपाली,, सियासत दर्पण,, सरायपाली में मुस्लिम जमात सुन्नी मुस्लिम ट्रस्ट के मुतवल्ली पद के लिए हुआ चुनाव अंततः शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हो गया है। वक्फ बोर्ड के आदेश और मुतवल्ली चुनाव मार्गदर्शिका के पालन में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मनोज कुमार खांडे की अध्यक्षता में स्थानीय मस्जिद पार्किंग स्थल पर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे के बीच मतदान की प्रक्रिया पूरी की गई। इस महत्वपूर्ण चुनाव में हाजी अब्दुल नईम लखानी ने अपने सभी प्रतिद्वंदियों को पीछे छोड़ते हुए शानदार जीत हासिल की है। निर्वाचन के दौरान कुल वैध मतों में से श्री लखानी को सर्वाधिक 231 मत प्राप्त हुए, जिससे उनका मुतवल्ली बनना तय हो गया।

मैदान में उतरे अन्य प्रत्याशियों में शेख नकीब को 123 मत, नूर मोहम्मद को 105 मत, मोहम्मद शाहिद को 87 मत और मोहम्मद जमील यानी गुड्डा शाह को 40 मत मिले, जबकि कुल 3 मत निरस्त घोषित किए गए। इस पूरी चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासनिक टीम का बेहद अहम योगदान रहा। इसमें पीठासीन अधिकारी प्रकाश कुमार ठेठवार, मतदान अधिकारी अरुण कुमार विशाल, किशन कुमार पटेल, दिनेश पटेल, गजेन्द्र नायक के साथ-साथ पुलिस प्रशासन ने अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन किया। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद समाज के गणमान्य नागरिकों और शुभचिंतकों ने नवनिर्वाचित मुतवल्ली अब्दुल नईम लखानी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है।

जीत के तुरंत बाद, नवनिर्वाचित मुतवल्ली हाजी नईम लखानी एवं चुनाव समिति के सदस्यों ने छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त डॉ. सलीम राज से उनके कार्यालय में एक शिष्टाचार मुलाकात की। वक्फ संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन और समाज कल्याण की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस मुलाकात के दौरान वक्फ बोर्ड के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और समाज के कई गणमान्य नागरिक भी विशेष रूप से मौजूद रहे।





