Home / छत्तीसगढ़ / *अंबिकापुर से निजामुद्दीन के लिए सीधी ट्रेन*

*अंबिकापुर से निजामुद्दीन के लिए सीधी ट्रेन*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

अंबिकापुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों को बड़ी सुविधा मिली है। अंबिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच संचालित एक्सप्रेस ट्रेन की सेवा अब सप्ताह में एक दिन के स्थान पर दो दिन उपलब्ध होगी।

मंगलवार को अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से द्वि-साप्ताहिक ट्रेन को सांसद चिंतामणि महाराज ने हरी झंडी दिखाकर निर्धारित समय सुबह 7.30 पर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से मुलाकात कर उन्हें पुष्प भेंट किए और सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

सप्ताह में दो दिन चलेगी ट्रेन

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल द्वारा गाड़ी संख्या 22407 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस का संचालन अब प्रत्येक मंगलवार एवं गुरुवार को किया जाएगा। ट्रेन अंबिकापुर से प्रातः 7:30 बजे रवाना होगी।

वहीं, गाड़ी संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार एवं मंगलवार को रात्रि 11 बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना होगी। सेवा आवृत्ति बढ़ाए जाने से सरगुजा संभाग के यात्रियों को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए सप्ताह में एक अतिरिक्त सीधी रेल सेवा उपलब्ध हो गई है।

सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि अंबिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन ट्रेन संचालन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि रेल सेवा की आवृत्ति बढ़ने से पूरे सरगुजा संभाग के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

यात्रियों में देखने को मिला उत्साह

उन्होंने कहा कि पहले सप्ताह में एक दिन ट्रेन चलने के कारण सभी यात्रियों को यात्रा का अवसर नहीं मिल पाता था। अब अतिरिक्त फेरा शुरू होने से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रथम दिन भी यात्रियों में नई सेवा को लेकर उत्साह दिखाई दिया।

रायगढ़, जशपुर क्षेत्र सहित अन्य स्थानों से भी यात्री इस ट्रेन से यात्रा करने पहुंचे। उन्होंने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्ग मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री के प्रति सरगुजा संभाग की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।

महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन सीधी ट्रेन की सुविधा मिलना नगरवासियों और पूरे क्षेत्र के यात्रियों के लिए उपयोगी है। इससे दिल्ली आने-जाने वाले विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों सहित अन्य यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।

इस अवसर पर डीसीएम एस भारतीयन, एसआर डीआरएम अहूजा, पार्षद आलोक दुबे, पार्षद रविकांत उरांव, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, अरुणा सिंह, सहित जनप्रतिनिधि, रेलवे के अधिकारी और वरिष्ठ नागरिक गण उपस्थित रहे।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page