रायपुर ।(सियासत दर्पण न्यूज़) राजधानी रायपुर में ATM और बैंक के लॉकर को तोड़कर नकदी चोरी करने की कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पंकज ध्रुव (27) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से यूनियन बैंक से चोरी किया गया लैपटॉप भी जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने टाटीबंध चौक स्थित इंडिया वन ATM और चंदनडीह स्थित यूनियन बैंक की शाखा को निशाना बनाया था। इन दोनों मामलों में आमानाका थाना पुलिस ने अपराध दर्ज किया था। अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ATM मशीन के कई हिस्सों को पहुंचाया नुकसान
पुलिस के मुताबिक, इंडिया वन पेमेंट लिमिटेड की फ्रेंचाइजी संचालित करने वाले नमन वोरा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 और 26 सितंबर की दरम्यानी रात टाटीबंध चौक पर अग्रवाल होटल के पास स्थित ATM मशीन में तोड़फोड़ की गई।
आरोपी ने मशीन की स्क्रीन, सेफ लॉक, कैमरा और कैश निकासी वाले हिस्से को क्षतिग्रस्त कर दिया। उसने UPS बैटरी चोरी करने का भी प्रयास किया। इस मामले में अपराध क्रमांक 317/26 दर्ज किया गया था।
बैंक के स्ट्रांग रूम के लॉकर को भी तोड़ा
दूसरी घटना चंदनडीह स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में हुई। बैंक प्रबंधक गणेश मिश्रा के अनुसार, 5 अक्टूबर की शाम बैंक बंद किया गया था। अगले दिन सुबह कर्मचारी पहुंचे तो शाखा प्रमुख के केबिन के ताले टूटे मिले।
शटर और खिड़की के कांच को नुकसान पहुंचाया गया था। बैंक के अंदर चेकबुक ड्रॉप बॉक्स, टेबल की दराज, कंप्यूटर मॉनिटर और कैश वॉल्ट के लॉकर को भी क्षतिग्रस्त किया गया था। इस मामले में अपराध क्रमांक 336/26 दर्ज किया गया।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) रॉबिनसन गुरिया के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।
CCTV फुटेज खंगालने और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पंकज ध्रुव को पकड़ा। पूछताछ में उसने चोरी के इरादे से दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी मूल रूप से पिथौरा क्षेत्र का रहने वाला है और वर्तमान में रायपुर के डीडी नगर क्षेत्र स्थित सरोना बाजार चौक के पास रह रहा था।






