रायपुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) रायपुर के टाटीबंध इलाके में साढ़े तीन साल से भी कम उम्र की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बच्ची के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले आरोपी परमानंद ध्रुव (35) को गिरफ्तार किया है। आरोपी रायपुर एम्स में सिक्योरिटी गार्ड है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, बच्ची की उम्र 3 साल 3 महीने है। परिजनों ने 9 अक्टूबर 2026 को आमानाका थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि बच्ची अपने पड़ोस में रहने वाले परमानंद ध्रुव के घर खेलने गई थी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। डीसीपी वेस्ट रॉबिन्सन गुरिया, एडीसीपी राहुल देव शर्मा और एसीपी देवांश राठौर के निर्देशन में आमानाका थाना प्रभारी सुधांशु बघेल और उनकी टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी परमानन्द ध्रुव टाटीबंध के पास का रहने वाला है। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।






