Home / छत्तीसगढ़ / *ट्रेलर की चपेट में आने से व्यापारी की मौत*

*ट्रेलर की चपेट में आने से व्यापारी की मौत*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

सीतापुर :(सियासत दर्पण न्यूज़) राष्ट्रीय राजमार्ग-43 की बदहाली ने एक बुजुर्ग व्यवसायी की जान ले ली। सड़क पर बने गहरे गड्ढे और कीचड़ में फंसकर स्कूटी से गिरे व्यवसायी को पीछे से आ रहे ट्रेलर ने कुचल दिया। हादसे में मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद लोगों में राष्ट्रीय राजमार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर भारी आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार नगर के प्रतिष्ठित थोक किराना व्यवसायी 70 वर्षीय त्रिलोकचंद गोयल गुरुवार शाम करीब छह बजे अपनी स्कूटी से व्यवसायिक कार्य से बाजार की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे सरगुजा साड़ी हाउस के पास पहुंचे, राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने गहरे गड्ढे में स्कूटी का पहिया फंस गया।

सड़क पर फैले कीचड़ के कारण स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई और वे सड़क पर गिर पड़े। तभी पीछे से रायगढ़ की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रेलर क्रमांक यूपी 78 जे एन 2987 ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। ट्रेलर का पिछला पहिया उनके सिर पर चढ़ गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग की हालत लंबे समय से बेहद खराब है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। हल्की बारिश में ही गड्ढों में पानी भर जाता है और सड़क पर कीचड़ फैल जाता है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों का चलना दूभर हो गया है। पैदल चलने वाले लोग भी फिसल कर गिर रहे हैं। कई बार शिकायत के बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं की गई है।

हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लग गया। लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस को बुलाया, लेकिन देरी होने पर मौके पर मौजूद पुलिस जवानों ने स्ट्रेचर पर शव को अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल दल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देकर यातायात बहाल कराया।

पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर थाने लाया है। इस दुखद हादसे को लेकर सीतापुरवासियों में शोक व आक्रोश है। सीतापुर में सड़क की बदहाली को लेकर पहले भी आंदोलन हो चुका था।अब इस सड़क को फोरलेन बनाने की स्वीकृति हुई है जिसका शिलान्यास भी किया गया है लेकिन वर्तमान में सड़क की हालत बेहद खस्ताहाल हो चुकी है।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page