बिलासपुर, सियासत दर्पण न्यूज़,पुलिस ने एआई से तस्वीरें बदलकर आपत्तिजनक खबरें प्रकाशित करने के मामले में एक न्यूज पोर्टल संचालक को गिरफ्तार किया है. संचालक दीपक टंडन को सिरगिट्टी पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार किया है. दीपक टंडन पर AI के माध्यम से फर्जी तस्वीर लगाकर व्यक्ति और संस्थाओं की छवि धूमिल कर ब्लैकमेलिंग करने का आरोप है
एआई तकनीक से तस्वीरों में बदलाव कर आपत्तिजनक एवं भ्रामक खबरें प्रकाशित करने के मामले में थाना सिरगिट्टी पुलिस ने ‘द हनी बैजर न्यूज़’ पोर्टल के संचालक दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन, उम्र 46 वर्ष, को रायपुर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट, थाना न्यू राजेंद्र नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है.
29 अक्टूबर 2026 को महाराणा प्रताप नगर, तिफरा निवासी मणिशंकर पांडेय ने थाना सिरगिट्टी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. शिकायतकर्ता के अनुसार, उनकी तस्वीर को एआई तकनीक से परिवर्तित कर न्यूज़ पोर्टल एवं सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भ्रामक और अपमानजनक शीर्षकों के साथ खबरें प्रकाशित की गईं. शिकायत में आरोप लगाया गया कि ऐसा उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और उन्हें ब्लैकमेल करने के उद्देश्य से किया गया.
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा थाना प्रभारी सिरगिट्टी को अपराध पंजीबद्ध कर शीघ्र वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे.विवेचना में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी दीपक टंडन की संलिप्तता पाए जाने पर उसे रायपुर से गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के सामने पेश किया है- पंकज कुमार पटेल,एएसपी सिटी
शिकायत के बाद पुलिस ने बिछाया जाल
मामले की शुरुआत 29 अक्टूबर को हुई, जब तिफरा के महाराणा प्रताप नगर निवासी मणीशंकर पांडेय ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता का आरोप था कि उनकी तस्वीरों को AI की मदद से एडिट कर आपत्तिजनक सामग्री तैयार की गई और फिर न्यूज पोर्टल व सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें प्रसारित की गईं। इससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और ब्लैकमेल करने का प्रयास किया गया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में दीपक टंडन की भूमिका सामने आने पर उसकी तलाश की गई। लोकेशन रायपुर में मिलने के बाद बिलासपुर पुलिस की टीम ने 6 नवंबर को रजत प्राइम अपार्टमेंट में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूर्व DSP कल्पना वर्मा
जानिए क्या है DSP कल्पना वर्मा से जुड़ा विवाद?
दीपक टंडन का नाम इससे पहले तत्कालीन DSP कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद में सामने आया था। होटल कारोबारी ने आरोप लगाया था कि DSP कल्पना वर्मा ने उसे प्रेमजाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर करोड़ों रुपए, महंगी गाड़ी और कीमती गहने लिए। फिलहाल DSP कल्पना वर्मा और दीपक टंडन से जुड़ा विवाद अपनी जगह है, लेकिन अब दीपक की गिरफ्तारी ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। पुलिस की जांच में डिजिटल सामग्री और कथित ब्लैकमेलिंग के नेटवर्क को लेकर आगे और खुलासे होने की संभावना है।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पहले भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं. प्रकरण में आरोपी के मोबाइल में हनी बैजर पोर्टल से संबंधित एवं अन्य कई आपत्तिजनक फोटो वीडियो और ऑडियो क्लिप प्राप्त होने पर आरोपी के दोनों मोबाइल भी जब्त किए गए हैं. ब्लैकमेलिंग एवं उगाही संबंधी आरोपों, डिजिटल सामग्री समेत अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है. विवेचना में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.





